वाशिंगटन : मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिकी सेना एक रात के भीतर ही ईरान को तबाह कर सकती है।
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना इतनी सक्षम है कि उसे 24 घंटे भी नहीं लगेंगे। एक ही रात में ईरान को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ी तो अमेरिका होर्मुज जलडमरू मध्य को खुलवाने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
ट्रंप ने ईरान को सख्त अल्टीमेटम देते हुए मंगलवार रात 8 बजे तक की अंतिम समयसीमा तय की है। उन्होंने साफ कहा कि इस डेडलाइन में कोई बदलाव नहीं होगा। इस दौरान ईरान को या तो समझौता करना होगा या फिर होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना होगा। हालांकि अब तक ईरान इन दोनों शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं हुआ है।
रविवार से ही ट्रंप लगातार आक्रामक बयान दे रहे हैं। उन्होंने पहले भी कहा था कि यदि समझौता नहीं हुआ तो ईरान को इतना नुकसान होगा कि वह अगले 20 वर्षों तक उबर नहीं पाएगा। सोमवार को भी उन्होंने अपना कड़ा रुख बरकरार रखा।
दरअसल ट्रंप को उम्मीद थी कि सोमवार को कोई बड़ा समझौता हो सकता है। उन्होंने खुद कहा था कि बातचीत सकारात्मक दिशा में है और अच्छे परिणाम की संभावना है लेकिन बातचीत विफल हो गई। 45 दिन के संघर्ष विराम को लेकर भी चर्चा चली पर ईरान ने इसे स्वीकार नहीं किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि अब ट्रंप के पास पीछे हटने की गुंजाइश कम बची है क्योंकि इससे उनकी अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित हो सकती है। ऐसे में या तो समझौता होगा या फिर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इसी बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री ने भी चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक कोई समाधान नहीं निकला तो ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर बड़े हमले हो सकते हैं। इससे साफ है कि आने वाले समय में हालात और तनावपूर्ण हो सकते हैं।