🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मौसम का बदला मिजाज, तूफान और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, इडेन गार्डन्स में खेल ठप

दफ्तर से लौट रहे लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी, 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं।

By रजनीश प्रसाद

Apr 06, 2026 23:50 IST

कोलकाता : कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में सोमवार रात अचानक तेज आंधी और मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण पेड़ झुकने लगे और सड़कों पर चल रहे लोगों को छाता संभालना भी मुश्किल हो गया। खासकर दफ्तर से लौट रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शाम होते ही शहर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं शुरू हो गईं। अलीपुर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि रात 9 बजे के बाद अगले 2-3 घंटों तक तेज आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

भारी बारिश का असर ईडेन गार्डन्स पर भी देखने को मिला जहां IPL का मैच बीच में ही रोकना पड़ा। बारिश शुरू होते ही मैदान को कवर से ढक दिया गया और मौसम साफ होने तक खेल शुरू होने पर अनिश्चितता बनी रही। मैच देखने पहुंचे दर्शकों का उत्साह भी बारिश ने फीका कर दिया।

हालांकि इस बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर दी है। महीने की शुरुआत में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था जिससे लोग काफी परेशान थे।

इस बीच लगातार हो रही बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Articles you may like: