🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इटली में बड़ी कला चोरी: ऑगस्टे रेनॉयर, पॉल सेज़ान और हेनरी मैटिस की करोड़ों की पेंटिंग्स संग्रहालय से चोरी

पार्मा के निजी संग्रहालय से तीन मिनट में कई कलाकारों की कीमती पेंटिंग्स लेकर फरार हुए चोर

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 30, 2026 15:58 IST

रोमः इटली के उत्तरी क्षेत्र में स्थित पार्मा शहर के पास एक निजी संग्रहालय से मशहूर चित्रकारों की करोड़ों रुपये मूल्य की पेंटिंग्स चोरी हो गईं। पुलिस के अनुसार चोर ऑगस्टे रेनॉयर, पॉल सेज़ान और हेनरी मैटिस की तीन महत्वपूर्ण कृतियां लेकर फरार हो गए।

यह चोरी 22 मार्च की देर रात को हुई। चोरों ने संग्रहालय के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। चोरी हुई पेंटिंग्स में “फिश”, “स्टिल लाइफ विद चेरीज़” और “ओडालिस्क ऑन द टैरेस” शामिल हैं।

यह संग्रहालय मैगनानी रोका फाउंडेशन के नाम से जाना जाता है, जो पार्मा से लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्रामीण इलाके में स्थित है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक चोरों ने बेहद तेजी से काम करते हुए तीन मिनट से भी कम समय में पेंटिंग्स चुरा लीं और बगीचे के रास्ते भाग निकले।

साल 1977 में स्थापित इस संग्रहालय में कला इतिहासकार लुइगी मैगनानी का संग्रह रखा गया है, जिसमें अल्ब्रेख्त ड्यूरर, पीटर पॉल रूबेन्स, एंथनी वैन डाइक, फ्रांसिस्को गोया और क्लॉड मोने जैसे प्रसिद्ध कलाकारों की कृतियां भी शामिल हैं।

संग्रहालय प्रशासन का मानना है कि यह चोरी किसी संगठित और पेशेवर गिरोह द्वारा की गई है। हालांकि अलार्म बजने से घटना में कुछ व्यवधान आया, लेकिन चोर पेंटिंग्स लेकर भागने में सफल रहे।

सोमवार को संग्रहालय बंद होने के कारण इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

पार्मा में हुई यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब यूरोप के बड़े संग्रहालयों में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में लूव्र संग्रहालय में भी एक बड़ी चोरी हुई थी, जहां से लगभग 8.8 करोड़ यूरो यानी करीब 101 मिलियन डॉलर मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए थे।

Articles you may like: