काबुलः अफगानिस्तान में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटों में आई बाढ़, भूस्खलन और तेज तूफानों के कारण कम से कम 17 लोगों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार देश के कई हिस्से इस आपदा से प्रभावित हुए हैं और राहत टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
बताया गया है कि दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, सड़कों को नुकसान पहुंचा है और खेती योग्य जमीन के साथ सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। अफगानिस्तान में इस तरह के मौसम संबंधी हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं। पहले भी भारी बर्फबारी और अचानक आई बाढ़ के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कमजोर बुनियादी ढांचा, आर्थिक चुनौतियां और जलवायु परिवर्तन जैसे कारक इन आपदाओं के प्रभाव को और अधिक गंभीर बना रहे हैं।