🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

डोनाल्ड ट्रंप का टेक दांव: डेविड सैक्स को मिली PCAST की कमान, AI-क्रिप्टो नीति पर रहेगा असर

व्हाइट हाउस की नई रणनीति-टेक दिग्गजों के साथ मिलकर अमेरिका को उभरती तकनीकों में वैश्विक लीडर बनाने की तैयारी।

By श्वेता सिंह

Mar 28, 2026 11:25 IST

वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने टेक निवेशक डेविड सैक्स (David Sacks) को प्रेसिडेंट्स काउंसिल ऑफ एडवाइजर्स ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (PCAST) का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया है। व्हाइट हाउस ने 25 मार्च 2026 को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

यह परिषद विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राष्ट्रपति को रणनीतिक सलाह देने के लिए बनाई गई है। सैक्स इस भूमिका में माइकल क्रैट्सियोस के साथ काम करेंगे। PCAST की स्थापना जनवरी 2025 में एक कार्यकारी आदेश के जरिए की गई थी, जिसका मकसद अमेरिका को AI, क्वांटम कंप्यूटिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और अन्य उभरती तकनीकों में अग्रणी बनाना है।

कौन हैं डेविड सैक्स?

डेविड सैक्स (David Sacks) टेक दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। वे पे-पैल (PayPal) की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसे ‘पेपाल माफिया’ कहा जाता है। उन्होंने एंटरप्राइज सोशल नेटवर्किंग कंपनी Yammer की स्थापना की, जिसे माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने 2012 में 1.2 बिलियन डॉलर में अधिग्रहित किया था।

वर्तमान में वे वेंचर कैपिटल फर्म क्राफ्ट वेंचर्स (Craft Ventures) के सह-संस्थापक हैं और AI, क्रिप्टोकरेंसी व कई टेक स्टार्टअप्स में बड़े निवेशक माने जाते हैं। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले दिसंबर 2024 में ट्रम्प ने उन्हें व्हाइट हाउस का AI और क्रिप्टो सलाहकार (अनौपचारिक रूप से ‘जार’) नियुक्त किया था, जहां उन्होंने 130 दिनों तक विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में काम किया।

नई भूमिका, लेकिन प्रभाव बरकरार

नई नियुक्ति के बाद डेविड सैक्स (David Sacks) अब औपचारिक ‘जार’ की भूमिका से अलग हो गए हैं, लेकिन AI और क्रिप्टो नीति पर उनका प्रभाव जारी रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि 2026 के लिए ट्रम्प प्रशासन के पास बड़े लक्ष्य हैं और PCAST उन्हें पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।

इस परिषद में टेक इंडस्ट्री के कई बड़े नाम शामिल हैं, जैसे जेन्सन हुआंग, मार्क जुकरबर्ग, लैरी एलिसन, मार्क आंद्रेसेन, सर्गेई ब्रिन, लिसा सु और फ्रेड एहर्सम।

यह टीम न केवल नई तकनीकों पर नीति तैयार करेगी, बल्कि अमेरिकी कार्यबल को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने पर भी ध्यान देगी।

‘गोल्डन एज ऑफ इनोवेशन’ की ओर

ट्रम्प प्रशासन इस नियुक्ति को “गोल्डन एज ऑफ इनोवेशन” की दिशा में एक अहम कदम मान रहा है। PCAST नियमित बैठकों, विश्वविद्यालयों, निजी कंपनियों और स्थानीय सरकारों के साथ सहयोग के जरिए नीति सिफारिशें तैयार करेगी।

यह परिषद फिलहाल दो साल के लिए बनाई गई है, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि डेविड सैक्स (David Sacks) जैसे अनुभवी निवेशक और उद्यमी की मौजूदगी से अमेरिका में प्रौद्योगिकी क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली नीतियां और मजबूत होंगी।

कुल मिलाकर, यह कदम साफ संकेत देता है कि ट्रम्प प्रशासन आने वाले समय में AI, डिजिटल एसेट्स और अन्य उभरती तकनीकों में अमेरिका की वैश्विक बढ़त बनाए रखने पर जोर दे रहा है।

Articles you may like: