पश्चिम विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार का दिन राजनीतिक हलचल वाला होने वाला है। शनिवार (28 मार्च) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल के खिलाफ 'चार्जशीट' जारी करने वाले हैं। बताया जाता है कि इस चार्जशीट में बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और तृणमूल सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर अधिक ध्यान दिया गया है। शुक्रवार की रात को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर में वह संवाददाता सम्मेलन को संबोधित भी कर सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता के दौरे पर आए अमित शाह प्रदेश भाजपा के नेताओं से मिलने के साथ ही चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी के नेताओं के साथ ही वह चुनाव प्रभारियों के साथ बैठक करने वाले हैं जिसमें बंगाल में चुनावी अभियान की समीक्षा करने के साथ ही भविष्य की रणनीतियां भी बनाएंगे।
क्या है भाजपा की 'चार्जशीट'?
विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए भाजपा ने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार पर कई आरोप लगाए हैं जिसे भाजपा ने 'चार्जशीट' का नाम दिया है। News18 की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस 'चार्जशीट' में मुख्य रूप से ममता बनर्जी सरकार के पिछले 15 सालों पर निशाना साधा जा रहा है।
राज्य के कुल 14 महत्वपूर्ण इलाकों की 'बिगड़ते हालातों' पर जनता का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गयी है। दावा किया गया है कि इस 'चार्जशीट' में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर सबसे ज्यादा निशाना साधने और उन्हें जनता के कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की गयी है।
Read Also | उत्तर बंगाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुरू कर सकते हैं प्रचार अभियान, कब करेंगे सभा?
भाजपा सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि 40 पन्नों के इस 'चार्जशीट' में राज्य की स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, रोजगार, महिला सुरक्षा आदि मुद्दों को उठाया गया है। इसके साथ ही दावा किया जा रहा है कि इसमें केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं और उन्हें राज्य में न लागू करने या उनके आवंटन से संबंधित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी सत्ताधारी पार्टी पर आरोप लगाया गया है।
भाजपा सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि यह 'चार्जशीट' विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र नहीं होने वाला है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पहले राज्य सरकार की विभिन्न विफलताओं का हवाला देते हुए 'चार्जशीट' जारी की जाएगी, जिसके बाद 'रिजॉल्यूशन' जारी कर उसमें समाधान की रूप-रेखा बताई जाएगी। संभावना है कि 'रिजॉल्यूशन' के साथ भाजपा अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है।
बंगाल चुनाव की पूरी तैयारी
गौरतलब है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक प्रत्याशियों की 3 सूचियां जारी कर दी है। इसमें से पहली सूची में 144 प्रत्याशी, दूसरी सूची में 111 प्रत्याशी और तीसरी सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम जारी किए थे। भाजपा ने राज्य की 294 सीटों में से अभी तक 274 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। अभी तक 15 सीटें ऐसी हैं, जिनपर प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है। संभावना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में भाजपा बंगाल के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर सकती है।