पहले तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के बाद तूफानी बारिश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) भी फंस गए। कोलकाता एयरपोर्ट पर उनका विमान निर्धारित समय पर नहीं उतर सका। लगभग 1 घंटे से अधिक समय तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद अमित शाह का विमान एयरपोर्ट पर लैंड कर सका। बताया जाता है कि मौसम के कुछ ठीक होने के बाद आधी रात के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर अमित शाह को लेकर उनका विमान लैंड हुआ।
शुक्रवार की देर रात को कोलकाता में तूफानी बारिश शुरू हुई। आंधी के साथ वज्रपात और तेज बारिश। कोलकाता एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से एक विशेष उड़ान से अमित शाह कोलकाता आ रहे थे। उनका विमान रात को 11.46 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। उसी समय तेज आंधी के साथ बारिश और वज्रपात भी शुरू हो गयी। मौसम बिगड़ने की वजह से विमान को एयरपोर्ट पर लैंड नहीं करवाया जा सका था।
Read Also | 'चार्जशीट' में आज अमित शाह खोलेंगे तृणमूल की पोल? बंगाल भाजपा की बड़ी रणनीति!
बारिश और इस वजह से दृश्यता के कम हो जाने की वजह से रनवे पर विमान को लैंड करवाना काफी खतरनाक हो सकता था। केंद्रीय गृहमंत्री की सुरक्षा की बात को ध्यान में रखते हुए पायलट ने आसमान में ही कुछ देर चक्कर लगाना उचित समझा। जब तक परिस्थिति ठीक नहीं हो गयी तब तक के लिए पायलट ने विमान को नदिया और उत्तर 24 परगना की तरफ मोड़ लिया।
आखिरकार शनिवार की सुबह 1.20 बजे यह विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कर पायी। रात को 2 बजे अमित शाह अपने काफिले के साथ होटल की तरफ रवाना हुए।
होटल में अमित शाह का स्वागत करने के लिए प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। गौरतलब है कि आज, शनिवार को अमित शाह प्रदेश भाजपा के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति के संबंध में चर्चाएं करेंगे। इसके साथ ही तृणमूल सरकार के खिलाफ भाजपा की 'चार्जशीट' भी जारी करने वाले हैं। इससे पहले अंडाल में सभा को संबोधित कर वापस लौटते समय भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विमान तूफानी बारिश में फंस गया था।