पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज नसीम शाह मुश्किलों में फंस गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नसीम शाह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के ओपनिंग मैच के दौरान उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई है।
दरअसल, 26 मार्च (गुरुवार) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए पीएसएल के उद्घाटन मुकाबले के दौरान नसीम शाह के X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से एक विवादित पोस्ट शेयर हुआ था। इस पोस्ट के जरिए पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को मिले वीआईपी ट्रीटमेंट पर सवाल उठाए गए थे। पोस्ट में लिखा था, 'उनके साथ लॉर्ड्स में रानी जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है ?' हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही देर बाद डिलीट कर दिया गया।
पोस्ट सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया। बाद में नसीम शाह की ओर से सफाई दी गई कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और पोस्ट उनकी ओर से नहीं किया गया था। इसके बावजूद पीसीबी ने इसे गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीसीबी ने पूरे मामले पर क्या कहा ?
पीसीबी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि नसीम शाह को तय समय सीमा के भीतर जवाब देना होगा, बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पेशेवर मानकों, अनुबंध की शर्तों और खेल की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, पीसीबी ने यह नहीं बताया कि किस विशेष नियम या क्लॉज का उल्लंघन हुआ है, लेकिन संकेत दिया कि मामला नसीम के जवाब के बाद समीक्षा के लिए रखा जाएगा।