नई दिल्ली : भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भले ही क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों लेकिन IPL 2026 में उनकी मौजूदगी फिर भी नजर आएगी। टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले ब्रॉडकास्टर ने कमेंट्री पैनल की घोषणा की जिसमें अश्विन को हिंदी कमेंटेटर के रूप में शामिल किया गया है।
अश्विन ने 2025 के IPL के बाद सभी प्रकार के क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इससे पहले उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी अचानक विदाई ली थी। हालांकि मैदान पर अब वह खिलाड़ी के रूप में नहीं दिखेंगे लेकिन बतौर विश्लेषक और कमेंटेटर उनकी नई भूमिका चर्चा में है। संन्यास के बाद वह अपने यूट्यूब चैनल के जरिए क्रिकेट विश्लेषण करते रहे हैं जहां उनकी लोकप्रियता भी काफी बढ़ी है। अब वही विश्लेषण IPL कमेंट्री में भी देखने को मिलेगा।
हिंदी कमेंट्री पैनल में सुरेश रैना, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, अनिल कुंबले, आकाश चोपड़ा, चेतेश्वर पुजारा, सुनील गावस्कर और मोहम्मद कैफ जैसे कई दिग्गज शामिल हैं।
अंग्रेजी कमेंट्री टीम में रवि शास्त्री, एबी डिविलियर्स, डेल स्टेन, केविन पीटरसन और इयोन मॉर्गन जैसे नाम शामिल हैं।
बंगाली कमेंट्री पैनल में झूलन गोस्वामी और श्रीवत्स गोस्वामी सहित कई विशेषज्ञ रहेंगे।
अश्विन ने IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 7 विकेट लिए थे। उसी सीजन के बाद उन्होंने संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था। अब वह नई भूमिका में IPL में अपनी पहचान बनाने को तैयार हैं।