🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

CSK की प्लेइंग इलेवन में बदलाव के संकेत, तीसरे नंबर के लिए सरफराज सबसे आगे

सरफराज खान का धमाकेदार फॉर्म, छक्कों की बारिश से CSK प्लेइंग इलेवन में मजबूत दावेदारी।

By रजनीश प्रसाद

Mar 27, 2026 13:33 IST

चेन्नई : आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज सरफराज खान शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल में खास प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले सरफराज इस बार बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे टीम में उनकी जगह को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

मिनी नीलामी में जब चेन्नई सुपर किंग्स ने सरफराज को टीम में शामिल किया था तब उनके खराब फॉर्म को लेकर कई सवाल उठे थे। हालांकि अब सरफराज ने अभ्यास मैचों में दमदार प्रदर्शन कर उन आलोचनाओं का जवाब देना शुरू कर दिया है और प्लेइंग इलेवन में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

अभ्यास के दौरान सरफराज खान ने स्पिन और तेज दोनों तरह के गेंदबाजों के खिलाफ सहजता से बड़े शॉट लगाए। टीम द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में वह दाएं और बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते नजर आए। उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ उन्हें अंतिम एकादश में मौका दे सकते हैं। खासकर मध्य ओवरों में स्पिनरों के खिलाफ उनकी आक्रामक बल्लेबाजी विपक्षी टीमों पर दबाव बना सकती है। इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने तेजतर्रार पारियां खेली थीं।

सीएसके की संभावित प्लेइंग इलेवन में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह ओपनिंग करेंगे और उनके साथ विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन उतरेंगे। ऐसे में तीसरे नंबर के लिए सरफराज खान, आयुष मात्रे और उरविल पटेल के बीच मुकाबला है जिसमें फिलहाल सरफराज आगे नजर आ रहे हैं।

मिडिल ऑर्डर में चौथे और पांचवें नंबर पर क्रमशः डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे के उतरने की संभावना है। सरफराज के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।

Articles you may like: