मुंबई : आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस के कैंप में एक दिलचस्प घटना सामने आई जब टीम की मालिक नीता अंबानी अपने ही पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पहली नजर में पहचान नहीं सकीं।
हाल ही में नीता अंबानी टीम के अभ्यास सत्र में पहुंची थीं। वहां रोहित शर्मा की बदली हुई फिटनेस और फिट लुक देखकर वह हैरान रह गईं। पहले से अधिक स्लिम, चुस्त और ऊर्जावान दिख रहे रोहित को देखकर उन्होंने मजाक में कहा कि हे भगवान रोहित, तुम्हें तो पहचान ही नहीं पाई, बिल्कुल किसी युवा खिलाड़ी जैसे लग रहे हो।
फिटनेस पर मेहनत, नए सीजन में बड़ा लक्ष्य
पिछले एक साल में रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस पर खास ध्यान दिया है। अब वह मुख्य रूप से वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं इसलिए शरीर को बेहतर बनाए रखने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। यही बदलाव उन्हें आईपीएल 2026 से पहले और अधिक आत्मविश्वासी बना रहा है।
छठे खिताब पर नजर मुंबई इंडियंस की
इस बार मुंबई इंडियंस का लक्ष्य रिकॉर्ड छठा आईपीएल खिताब जीतना है। टीम 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी जिसकी कप्तानी अजिंक्य रहाणे कर रहे हैं।
हालांकि टीम की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है लेकिन रोहित शर्मा अभी भी टीम के सबसे अनुभवी और भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं। ओपनर के रूप में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी उन्हीं पर होगी।
रिकॉर्ड्स बताते हैं रोहित का महत्व
रोहित शर्मा ने आईपीएल में 272 मैचों में 7,046 रन बनाए हैं। उनका औसत 29.73 और स्ट्राइक रेट 132 से अधिक है। उनके नाम 2 शतक और 47 अर्धशतक दर्ज हैं।
2013 से 2023 तक कप्तान रहते हुए रोहित ने मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाया, जिससे वह लीग के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हो गए। पिछले सीजन में टीम ने वापसी तो की लेकिन फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में इस बार रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन ही टीम की किस्मत तय कर सकता है।