राजस्थान के अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ समेत कई शहरों में अलर्ट है। पासपोर्ट सेवा केंद्र और मुख्य डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को ईमेल के जरिए भेजी गई धमकी में अजमेर के जीपीओ स्थित पासपोर्ट केंद्र को निशाना बनाने की बात कही गई। धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया। अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ में पासपोर्ट ऑफिस और मुख्य डाकघर को तुरंत खाली करवा लिया गया। स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और संदिग्ध वस्तुओं की सघन तलाशी शुरू कर दी गई।
"अगर DMK ने चुनाव जीता तो..."
बेंगलुरु मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर अब्दुल मोहम्मद भाई का अपमान किया गया, जिसे डीएमके और एमके स्टालिन समर्थकों का अपमान बताया गया। इसी के विरोध में दोपहर 2 बजे इस्लामी प्रार्थना के दौरान पासपोर्ट डाकघर परिसर में 10 जहरीले बम लगाए गए हैं। मेल में आगे लिखा है कि अगर डीएमके साल 2026 का चुनाव जीतती है तो परिवार के एक सदस्य को खोना पड़ेगा। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
आसपास की आवाजाही रोकी
सीकर में उद्योग नगर थाना पुलिस ने पासपोर्ट ऑफिस को खाली कराकर जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड और अन्य टीमों ने बारीकी से सर्च ऑपरेशन चलाया। जैसलमेर के मुख्य डाकघर और हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पासपोर्ट कार्यालय को भी खाली कराया गया। आसपास की आवाजाही रोकी गई और अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया।
खुफिया विभाग की टीम जुटी
खुफिया विभाग की टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।