🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राजस्थान की सियासत में हलचल! CM भजनलाल की PM मोदी से मुलाकात, क्या होगा बड़ा बदलाव?

सीएम भजनलाल शर्मा दिल्ली दौरे पर पीएम मोदी से मिले और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात तय है। दौरे के बीच मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। राज्य के विकास और आगामी चुनावों को लेकर बड़े फैसलों की संभावना जताई जा रही है।

By लखन भारती

Mar 25, 2026 23:16 IST

नयी दिल्लीः राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा आज एक बार फिर दिल्ली के दौरे पर पहुंचे थे। राजधानी पहुंचते ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इसके साथ ही आज उनकी कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलने की योजना है। वहीं, उनके दिल्ली पहुंचते ही सियासी हलकों में फिर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि सरकार का लगभग आधा कार्यकाल पूरा होने के करीब है, इसी वजह से यह हलचल बढ़ी है। दरअसल, सरकार बनने के एक साल बाद से ही मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार को लेकर अटकलें लगती रही हैं। अब यह माना जा रहा है कि आधा कार्यकाल पूरा होने की स्थिति में कभी भी मंत्रिमंडल में बदलाव देखने को मिल सकता है। हर बार की तरह इस दौरे के दौरान भी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोर पकड़ रही है। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम ने इसकी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलकर राजस्थान के विकास और जनकल्याण योजनाओं को लेकर उनका मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और स्पष्ट दिशा प्रदेश को आगे बढ़ाने में मदद करती है। आगे उन्होंने यह भी लिखा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति स्नेह और उनका मार्गदर्शन ही सबसे बड़ी ताकत है, जिसके चलते प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। इस बीच पीएमओ ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

पीएम के अलावा 2 अन्य मंत्रियों से भी हो सकती है मुलाकात

दिल्ली दौरे के दौरान सीएम की नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात तय मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में राज्य के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही, इस दौरे से प्रदेश को कोई बड़ी सौगात मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। आने वाले समय में राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव होने हैं, ऐसे में इस नजरिए से भी कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल सभी की नजरें इस दौरे के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Articles you may like: