हुगलीः हावड़ा-तारकेश्वर ब्रांच लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण बुधवार सुबह करीब 7 बजे से ट्रेन सेवा बाधित हो गई। घटना सिंगुर स्टेशन के पास गेट नंबर 13 के नजदीक हुई, जब डाउन लाइन पर चल रही एक लोकल ट्रेन के पैंटोग्राफ का संपर्क ओवरहेड वायर से टूट गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या को हल करने की कोशिश शुरू की, लेकिन करीब तीन घंटे तक लाइन पर ट्रेन की आवाजाही ठप्प रही।
यात्रियों को सुबह के पीक आवर में परेशानी
सुरक्षा और यातायात में देरी के कारण सुबह ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने वाले हजारों यात्री प्रभावित हुए। कई लोग घंटों स्टेशन पर इंतजार करते रहे।
एक यात्री ने बताया कि वह सुबह बहुत जल्दी स्टेशन पर आ गये थे। तकरीबन नौ बजे तक ट्रेन नहीं आई। उन्हें बंडेल जाना था, लेकिन डाउन लाइन पर मूवमेंट पूरी तरह ठप रही।
दूसरे यात्री ने बताया उन्हें हावड़ा जाना था। घंटों स्ट्रेशन पर ट्रेन का इंतजार किया लेकिन ट्रेन नहीं आई। सुबह का यह समय ऑफिस और कॉलेज के लिए बेहद अहम होता है। इस कारण काफी परेशानी हुई। सोशल मीडिया पर भी कई यात्रियों ने इस असुविधा पर अपनी नाराजगी जताई।
रेलवे का बयान और समाधान
ईस्टर्न रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर शिवराम माझी ने बताया कि पैंटोग्राफ की खराबी के कारण ट्रेन मूवमेंट में अस्थायी दिक्कत आई थी। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर भेजा और ओवरहेड इक्विपमेंट की मरम्मत शुरू कर दी।
करीब तीन घंटे की रोक के बाद, यानी सुबह 10 बजे तक डाउन लाइन पर ट्रेन सेवा सामान्य हो गई। रेलवे ने यात्रियों से इस दौरान धैर्य रखने की अपील की और भविष्य में ऐसी तकनीकी खामियों को कम करने के लिए नियमित मेंटेनेंस को और तेज करने का आश्वासन दिया।
रोजाना हजारों यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
हावड़ा-तारकेश्वर लाइन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है। पैंटोग्राफ जैसी तकनीकी खराबी कभी-कभी होती रहती है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे NTES ऐप, Rail Madad या ईस्टर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट/ट्विटर पर लाइव अपडेट देखें। वैकल्पिक रूप से बस या अन्य परिवहन माध्यम का इस्तेमाल किया जा सकता है।
रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि तकनीकी गड़बियों को कम करने के लिए अतिरिक्त उपाय किए जा रहे हैं।