राज्य में बेरोजगारी भत्ता शुरू करने को लेकर भाजपा नेताओं के कटाक्ष का सामना राज्य सरकार को करना पड़ा है। वहीं दूसरी ओर इस सुविधा का फायदा उठाने से भी भाजपा नेता पीछे नहीं है। सिर्फ इतना ही नहीं भाजपा की आरामबाग टाउन महिला मोर्चा की कन्वेयर सुदेश्ना अधिकारी मोहन्त ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) द्वारा शुरू की गयी इस पहल की प्रशंसा भी की है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक बच्चे की मां सुदेश्ना की उम्र 37 वर्ष है। वह एक निजी कंपनी में काम भी करती हैं लेकिन उनका पति वर्तमान में बेरोजगार है। परिवार में वहीं एकमात्र कमाती हैं। गोघाट के 2 नंबर ब्लॉक ऑफिस में युवा साथी का फॉर्म जमा करने आयी सुदेश्ना अधिकारी मोहन्त ने कहा कि ये रुपए बेरोजगार युवक-युवतियों के बहुत काम आएगा।
सोशल मीडिया पर उनका यह बयान वायरल भी हो चुका है। इसकी वजह से भाजपा खेमा काफी असहज हो गया है। हालांकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार का कहना है कि यह रुपया सभी को लेना चाहिए।
उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से बेरोजगारी भत्ता के आवेदन करने की सलाह दी है। संवाददाता के सवाल का जवाब देते हुए भाजपा नेता सुदेश्ना अधिकारी मोहन्त का कहना है कि अपने बेटे के लिए वह यह फॉर्म जमा करने आयी हैं। हालांकि उन्होंने बतौर उपभोक्ता अपने नाम का ही उल्लेख किया है।
इस बारे में उन्होंने कहा कि यह तो राज्य सरकार की ओर से दी जा रही है। यहां राजनीति करने जैसा कुछ नहीं है। सरकारी परियोजना पर तो सभी का अधिकार होता है। मैंने इससे पहले लक्ष्मी भंडार की सुविधा नहीं ली थी लेकिन मुझे लगा इस परियोजना का लाभ लेना चाहिए।
हालांकि के साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारों की संख्या इतनी ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इस परियोजना के माध्यम से ही अब पता चल रहा है कि राज्य में बेरोजगारों की संख्या कितनी ज्यादा बढ़ गयी है। लाखों लोग बेरोजगार हैं जिन्हें कोई नौकरी नहीं मिल सकी है।
इस बारे में गोघाट 2 नंबर ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष सौमेन दीगार का कहना है कि यहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सफलता है। वह हर स्तर के लोगों के बारे में सोचती हैं। यहीं इस बात का सबूत है। वह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं देखती हैं। वह कभी भी पार्टी, रंग, वर्ण, धर्म या जातपात के आधार पर कुछ नहीं करती हैं।
भाजपा के आरामबाग जिला सांगठनिक अध्यक्ष सुशांत बेरा का कहना है कि उन्होंने (सुदेश्ना अधिकारी मोहन्त) ने उचित समझा, इसलिए युवा साथी की लाइन में खड़ी हुई थी। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री के बारे में क्या कहा, इस बारे में मुझे कुछ नहीं पता। वह जो भी कुछ कहती हैं, वह उनका व्यक्तिगत मत है। यह हमारी पार्टी का वक्तव्य नहीं है।