हुगली: रविवार को छुट्टी के दौरान दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के बाद दो युवकों की बाइक हादसे में मौत हो गई। यह हादसा पोलबार राजहाट मोड़ से बंडेल जाने वाली सड़क पर रात के समय हुआ। मृतकों की पहचान रोहित सिंह (23) और राजा प्रसाद (27) के रूप में हुई है।
रोहित सिंह कोलकाता के गरफा का रहने वाला था और एक जानी-मानी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए चुंचुड़ा के इमामबाड़ा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रोहित और राजा मोटरबाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़े खंभे से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हादसा कैसे हुआ। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि दोनों युवक नशे में तो नहीं थे और बाइक की स्पीड ज्यादा थी या नहीं।
पुलिस ने कहा कि पूरी जांच के बाद ही हादसे की सटीक वजह सामने आएगी। रोड सेफ्टी के नियमों का पालन और सड़क पर सावधानी की अपील भी की गई है।