छोटे पर्दे की लोकप्रिय एक्ट्रेस जेनिफर विंगट एक बार फिर से अपने निजी जीवन को लेकर चर्चाओं में छा गयी हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जेनिफर जल्द ही दूसरी बार दुल्हन बनेंगी।
लेकिन इस बार जेनिफर देसी नहीं बल्कि सिंगापुर निवासी एक व्यवसायी के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर जेनिफर विंगेट की कुछ एक्टिविटी के बाद ही उनकी शादी की चर्चाएं होने लगी हैं। पिछले दिनों ही जेनिफर ने एक डांस वीडियो में कोलैब किया था। इसके बाद फॉलोवर्स ने गौर किया कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों में शादी से जुड़ी कई इंस्टाग्राम पेज को फॉलो भी किया है।
इसके बाद से ही जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी की अटकलें लगायी जा रही हैं। दावा किया जा रहा है कि जेनिफर विगेंट जल्द ही सिंगापुर निवासी विलियम इस्माइल के साथ अपना घर बसाने वाली हैं।
करीबी सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पिछले लंबे समय से जेनिफर विंगेट इस्माइल के साथ रिलेशनशीप में हैं। दावा किया जा रहा है कि छुट्टियों के दौरान दोनों मिले थे जहां इस्माइल ने उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया और जेनिफर ने उसी स्वीकार भी कर लिया।
Read Also | एक्टर कैलम टर्नर संग शादी के बंधन में बंधी पॉप सिंगर दुआ लीपा, उम्र में 6 साल बड़े लेकिन नेट वर्थ....
दावा किया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे के साथ आज-कल क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। बताया जाता है कि यह शादी इसाई धर्म के अनुसार हो सकती है। संभावना जतायी जा रही है कि सितंबर-अक्तूबर के महीने में दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं। दुल्हा और दुल्हन दोनों ही शादी की तैयारियों में जुट गए हैं।
बता दें, जेनिफर विंगेट की पहली शादी करण सिंह ग्रोवर से हुई थी। दोनों ने साल 2012 में एक-दूसरे का हाथ तो थामा था लेकिन यह सफर ज्यादा लंबा नहीं खींच सका। दोनों साल 2014 में अलग हो गए। इसके दो सालों बाद 2016 में करण सिंह ग्रोवर ने बिपाशा बसु संग तीसरी शादी की और दोनों पिछले 10 सालों से साथ में हैं। दोनों की एक बहुत ही प्यारी सी बेटी देवी भी है।
वहीं दूसरी तरफ जेनिफर विंगेट का नाम को-स्टार करण वाही से जरूर जोड़ा गया था लेकिन वाही ने तुरंत इन दावों को खारिज कर दिया था। अब करण सिंह ग्रोवर से अलग होने के करीब 12 सालों बाद जेनिफर विंगेट अपने जीवन की नई शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। दावा किया जा रहा है जल्द ही जेनिफर विंगेट विलियम इस्माइल संग शादी करके अपना नया घर बसाने वाली हैं।