🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता सलीम कुमार नहीं रहे, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

300 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने वाले सलीम कुमार को ‘आदमिन्टे मकन अबू’ के लिए मिला था राष्ट्रीय पुरस्कार।

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 07, 2026 19:56 IST

मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सलीम कुमार का रविवार 7 जून 2026 को केरल के एर्नाकुलम जिले के नॉर्थ परावुर स्थित उनके आवास पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिवार, फिल्म जगत के सहयोगी, राजनीतिक नेता और बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद रहे। उन के परिवार में पत्नी सुनीता तथा दो पुत्र चंदू सलीम कुमार और आरोमल सलीम कुमार हैं।

सलीम कुमार के निधन से मलयालम फिल्म उद्योग ने अपने सबसे प्रतिभाशाली और लोकप्रिय कलाकारों में से एक को खो दिया है। 56 वर्षीय सलीम कुमार का शनिवार 6 जून को रात निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को 7 जून की सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक परावुर टाउन हॉल में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे उनके आवास पर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

केरल सरकार ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अंतिम संस्कार में पुलिस सम्मान देने और उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं का खर्च वहन करने का निर्णय लिया। जिला कलेक्टर ने राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की, जबकि पुलिस विभाग ने बिगुल सलामी सहित सम्मान समारोह की व्यवस्था की।

सलीम कुमार मलयालम फिल्म उद्योग के सबसे लोकप्रिय और बहुमुखी कलाकारों में गिने जाते थे। तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। कॉमेडी भूमिकाओं से पहचान बनाने वाले सलीम कुमार ने गंभीर और भावनात्मक किरदारों में भी अपनी अलग छाप छोड़ी।

उन्हें वर्ष 2010 में फिल्म ‘आदमिन्टे मकन अबू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। इसके अलावा ‘अचनुरंगथा वीडु’ (2005) के लिए केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान प्राप्त हुआ। ‘अयालुम ञानुम थम्मिल’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को भी खूब सराहा गया। उन्होंने ‘करुथा जूथन’ फिल्म का निर्देशन भी किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सलीम कुमार ने अपने लंबे करियर में विविध भूमिकाओं के माध्यम से भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने शोक संतप्त परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट की।

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें अपना घनिष्ठ मित्र बताया। उन्होंने कहा कि सलीम कुमार के चेहरे के भाव और अभिनय को मलयाली समाज कभी नहीं भूल पाएगा। सतीशन ने उनके साथ लंबे व्यक्तिगत संबंधों, चुनाव अभियानों में उनके सहयोग और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी याद किया।

Articles you may like: