भुवनेश्वर : ओडिशा सरकार की इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी में सहायक कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत वैकुंठ नाथ बेहरा की संपत्ति को लेकर लंबे समय से चर्चाएँ चल रही थीं। उनके कई सहकर्मियों ने भी विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर भुवनेश्वर की विशेष विजिलेंस अदालत ने वारंट जारी किया।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक तथा अन्य कर्मियों की एक संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की और वैकुंठ नाथ बेहरा के आवास पर दबिश दी। यह कार्रवाई एक साथ कई ठिकानों पर की गई, जिनमें चंद्रशेखरपुर, शैलश्री बिहार, कनन बिहार, याजपुर जिले के धर्मशाला, बारीपदा और बालिगुड़ा स्थित उनके सरकारी आवास एवं कार्यालय सहित कुल 9 स्थान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान यह दावा किया गया कि उनके बैंक लॉकर से 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं उनके घर से 2 लाख 66 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उनके और उनके परिवार के नाम पर 5 बहुमंजिला इमारतों की जानकारी मिली है। इनमें भुवनेश्वर के नीलाद्री बिहार क्षेत्र में लगभग 10,500 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाला चार मंजिला भवन भी शामिल है। इसके अलावा भुवनेश्वर और याजपुर में कुल मिलाकर 4 आवासीय मकानों की जानकारी भी मिली है।
इतना ही नहीं जांच अधिकारियों ने 14 जमीन के प्लॉटों का भी पता लगाया है। इनमें से 7 प्लॉट भुवनेश्वर के प्रीमियम इलाकों में स्थित हैं, जबकि शेष प्लॉट याजपुर और बारीपदा में पाए गए हैं। इसके साथ ही सोने के आभूषण, फिक्स्ड डिपॉजिट, डाकघर बचत योजनाओं में निवेश और अन्य वित्तीय निवेशों के भी साक्ष्य मिले हैं। इन सभी संपत्तियों का मूल्यांकन जारी है और बाजार विशेषज्ञ उनके वास्तविक मूल्य का आकलन कर रहे हैं।
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार वैकुंठ नाथ बेहरा ने वर्ष 1999 में जूनियर इंजीनियर के रूप में नौकरी शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने आदिवासी विकास विभाग और इंजीनियरिंग विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियाँ निभाई। हाल ही में इस वर्ष की शुरुआत में उन्हें सहायक कार्यपालक अभियंता के पद पर पदोन्नति मिली थी।
जांच एजेंसियों का कहना है कि उनके पास कई लग्जरी संपत्तियों, महंगी जमीनों, भारी नकदी और विभिन्न निवेशों के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। फिलहाल सभी संपत्तियों की बाजार कीमत और विस्तृत आकलन पूरा होने के बाद ही उनकी कुल संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा।