वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलिडो शहर में हर साल जून में आयोजित होने वाले ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के दौरान इस बार अचानक गोलीबारी की घटना ने माहौल को दहशत में बदल दिया। यह वही आयोजन है जिसमें हर वर्ष लाइव कॉन्सर्ट होते है तरह-तरह के खाने-पीने के स्टॉल लगाए जाते हैं और शहर के पुराने ऐतिहासिक घरों को देखने की व्यवस्था भी की जाती है, जो इस उत्सव का मुख्य आकर्षण माना जाता है।
शनिवार शाम को जब स्थानीय निवासी और पर्यटक लाइव म्यूजिक का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में कई पर्यटक घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज़ से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े।
इस दौरान मौजूद एक व्यक्ति केविन बैरी, जो अमेरिकी नौसेना के सेवानिवृत्त जवान हैं, ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि उन्होंने अचानक गोली चलने की आवाज सुनी, जिसके बाद लोग घबराकर भागने लगे और कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि चारों ओर खून दिखाई दे रहा था और उनके अनुसार कम से कम पाँच लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही टोलिडो पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, हालांकि अब तक घायलों की सटीक संख्या और उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने अपने बयान में केवल इतना कहा है कि कई लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल आरोपी अभी भी फरार हैं। इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसका मकसद क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और उनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने स्थानीय लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी है।