🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केरल स्कूल में फूड पॉइजनिंग से 100 से अधिक छात्र बीमार

121 छात्र प्रभावित, अस्पतालों में भर्ती। भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए, प्रशासन सतर्क।

By श्वेता सिंह

Jun 06, 2026 21:50 IST

वायनाड/कोझिकोडः केरल के वायनाड जिले में एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के 100 से अधिक छात्रों के फूड पॉइजनिंग से प्रभावित होने का मामला सामने आया है। राज्य के कृषि मंत्री टी. सिद्दीक ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कुल 121 छात्र प्रभावित पाए गए हैं, जिनमें से 78 का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

मंत्री ने कोझिकोड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वायनाड के कोइलाडी स्थित मार बेसिलियोस सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों में बुखार, ठंड लगना और दस्त जैसे लक्षण पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है।

टी. सिद्दीक ने कहा कि छात्रों को अस्पतालों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी तरह की गंभीर चिंता की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों के इलाज के लिए पर्याप्त संख्या में बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती की गई है।

मंत्री के अनुसार, स्कूल में परोसे गए भोजन और पानी के स्रोत (कुएं के पानी) के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण के असली कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट दो दिनों के भीतर आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके। साथ ही एहतियात के तौर पर आगे आने वाले दिनों में अन्य स्कूलों में भी खाद्य सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।

जिले के जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) ने भी कहा कि स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। एहतियात के तौर पर संबंधित स्कूल में एक सप्ताह का अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही बाथेरी तालुक अस्पताल में बच्चों के इलाज के लिए विशेष वार्ड बनाया गया है।

डीएमओ ने यह भी जानकारी दी कि एक शिक्षक में भी अस्वस्थता के लक्षण देखे गए हैं। पंचायत अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और कई बच्चों में 1 जून से ही लक्षण दिखाई देने लगे थे।

प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावित बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Articles you may like: