🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

NEET री-एग्जाम पेपर बेचने के दावे झूठे, 'अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई'

सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों को एजेंसी ने बताया फर्जी, छात्रों और अभिभावकों से ठगी से सतर्क रहने की अपील।

By श्वेता सिंह

Jun 06, 2026 20:33 IST

नई दिल्लीः राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और प्रश्नपत्र बिक्री के दावों को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। एजेंसी ने कहा है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जा रहे ऐसे संदेश छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाए जा रहे हैं।

एनटीए ने स्पष्ट किया कि कुछ लोग पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले से उपलब्ध होने, लीक होने या बेचे जाने जैसे दावे कर रहे हैं, जबकि इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। एजेंसी के अनुसार, यह संगठित ठग गिरोहों की साजिश है, जो परीक्षार्थियों और उनके परिवारों की चिंता का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं।

एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। एजेंसी ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता से किसी तरह का समझौता नहीं हुआ है।

परीक्षा संस्था ने बताया कि ऐसे फर्जी संदेश फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट, चैनल और अन्य डिजिटल माध्यमों की पहचान की जा रही है। इनकी जानकारी संबंधित प्लेटफॉर्म और साइबर अपराध एजेंसियों को भेजी जा रही है ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।

एनटीए ने यह भी कहा कि मामले को लेकर कानून प्रवर्तन एजेंसियों और साइबर क्राइम अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। एजेंसी के मुताबिक, फर्जी प्रश्नपत्र तैयार करना, उसका प्रचार करना, साझा करना या छात्रों को ठगने का प्रयास करना गंभीर दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

एजेंसी ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें, न किसी को पैसे दें और न ही ऐसे संदेशों को आगे साझा करें। परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी के लिए केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों और वेबसाइट पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

Read also| सीबीएसई ने उत्तर पुस्तिकाओं का डेटा अपने सर्वर पर स्थानांतरित किया

एनटीए ने परीक्षार्थियों से कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपनी तैयारी पर फोकस करें। एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि वह निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय परीक्षा आयोजित कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा इस वर्ष 3 मई को हुई थी। बाद में पेपर लीक के आरोपों के बीच 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। पुनर्परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित है।

Articles you may like: