🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर मां ने ही कर दी मासूम बच्ची की हत्या, पति से थी दूरी

4 जून को बच्ची के पिता ने काडुगोडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्ची की मां प्रियंका और उसके लिव-इन पार्टनर मोहन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया

By लखन भारती

Jun 06, 2026 18:19 IST

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक पांच वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के आरोपों तक पहुंच गया है। पुलिस ने बच्ची की मां और उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची के पिता ने आरोप लगाया है कि दोनों ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या की।

पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव 25 मार्च को मिला था। घटना के कई सप्ताह बाद 4 जून को बच्ची के पिता ने काडुगोडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्ची की मां प्रियंका और उसके लिव-इन पार्टनर मोहन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शिकायत में पिता ने बताया कि उनकी शादी 2007 में प्रियंका से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। समय के साथ दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि वर्ष 2025 में प्रियंका का अपने पुराने परिचित मोहन से दोबारा संपर्क हुआ और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। बाद में प्रियंका पति से अलग रहने लगी और मोहन के साथ रहने लगी।

पिता के अनुसार, बड़ी बेटी उनके साथ रहती थी, जबकि छोटी बेटी वेनेला अपनी मां के पास थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची को मां और उसके साथी अपने रिश्ते में बाधा मानते थे।

मामले में संदेह तब और बढ़ गया जब बच्ची की मौत को लेकर मां ने अलग-अलग बयान दिए। शिकायत के मुताबिक, पहले प्रियंका ने कहा कि बच्ची ने रात में बिरयानी खाई थी और अगली सुबह मृत मिली। बाद में उसने दूसरा दावा किया कि बच्ची को जन्मदिन समारोह के दौरान कार में सोता छोड़ दिया गया था और अगले दिन उसकी मौत की जानकारी मिली।

बच्ची के पिता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें मौत को लेकर और ज्यादा शक हुआ। उन्होंने रिपोर्ट कुछ विशेषज्ञों को भी दिखाई, जिसके बाद कई सवाल खड़े हुए। उनका आरोप है कि बच्ची की मौत स्वाभाविक नहीं थी और सच्चाई छिपाने की कोशिश की गई।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने कहा कि मामले में जुटाए जा रहे सबूतों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Articles you may like: