कोरोना अतिमारी के बाद दुनिया में अब इबोला वायरस (Ebola Virus) का खौफ फैल रहा है। राजस्थान में इबोला का पहला संदिग्ध मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। विदेश से आयी एक महिला में इबोला संक्रमण के लक्षण नजर आने से स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में आ गयी है।
बताया जाता है कि महिला यात्री को विशेष निगरानी में रखा गया है और उसके सैंपल को पुणे की विशेष लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला यात्री युगांडा से राजस्थान घूमने आयी हैं। शुक्रवार (5 जून) की सुबह एयर अरेबिया एयरलाइंस की फ्लाइट से वह शारजाह होते हुए जयपुर पहुंची। महिला यात्री ने सुबह करीब 4.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया।
एयरपोर्ट पर नियमित स्वास्थ्य जांच और स्क्रिनिंग के दौरान उसमें इबोला संक्रमण के कुछ लक्षण दिखाई दिए। तुरंत इस बात की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गयी और महिला को विशेष निगरानी में अलग रखा गया।
Read Also | राजस्थान पहुंची डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी, जैसलमेर एयरपोर्ट पर एयर डिफेंस सिस्टम की तैनाती
News 18 की मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि विदेशी महिला पर्यटक को जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 से सीधी RUHS अस्पताल भेज दिया गया। इस अस्पताल में इबोला मरीजों के लिए अलग क्रिटिकल केयर ब्लॉक बने हैं। महिला को वहीं आइसोलेशन में रखा गया।
हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला की स्थिति पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है। उसमें गंभीर किसी परेशानी के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं।
एहतियातन महिला के सैंपल की जांच के लिए उन्हें पुणे की विशेष लैब में भेज दिया गया है। रिपोर्ट शनिवार (6 जून) तक आने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो सकेगा कि महिला वास्तव में इबोला संक्रमित है अथवा नहीं।
मीडिया से बात करते हुए RUHS अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सिर्फ लक्षण के आधार पर यह कहना कि कोई व्यक्ति इबोला संक्रमित है या नहीं, यह बहुत मुश्किल काम है। उन्होंने कहा कि संक्रमण की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
गौरतलब है कि विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना अतिमारी की तरह इबोला संक्रमण उतनी तेजी से नहीं फैलता है लेकिन संक्रमण एक बार हो जाने पर यह बेहद गंभीर बीमारी बन जाता है। इसलिए स्वास्थ विभाग इस संक्रमण को हल्के में नहीं लेना चाहता है।