🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फीफा विश्व कप 2026 उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय की धमाकेदार प्रस्तुति से होगा आगाज

न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में होगा ऐतिहासिक आयोजन, फाइनल में दिखेगी शकीरा, मैडोना और BTS की तिकड़ी।

न्यूयाॅर्क : फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 11 जून को मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एस्तादियो एज़्टेका स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में विश्व प्रसिद्ध पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरिया के मशहूर गायक एवं गीतकार बर्ना बॉय मुख्य आकर्षण होंगे। दोनों कलाकार मिलकर विश्व कप के आधिकारिक गीत ‘दाई दाई’ की प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मुकाबले से पहले आयोजित किया जाएगा।

शकीरा के साथ मंच साझा करेंगे कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार

उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय के अलावा दुनिया भर के कई लोकप्रिय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें अलेजांद्रो फर्नांदेज़, बेलिंडा, डैनी ओशन, जे बाल्विन, लीला डाउन्स, लॉस एंजेलिस अज़ूलेस, माना और टायला जैसे नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम मैच शुरू होने से लगभग 90 मिनट पहले आरंभ होगा। इस दौरान फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक संगीत एल्बम के गीतों सहित कई विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

तीन मेजबान देशों में होंगे अलग-अलग उद्घाटन समारोह

फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन संयुक्त रूप से मेक्सिको, कनाडा और अमेरिका कर रहे हैं। इसी वजह से तीनों देशों में अलग-अलग उद्घाटन समारोह आयोजित किए जाएंगे।

कनाडा के टोरंटो में 12 जून को होने वाले मुकाबले से पहले मशहूर गायक माइकल बुबले और एलानिस मॉरिसेट प्रस्तुति देंगे। बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना चुकीं नोरा फतेही भी इस समारोह का हिस्सा होंगी। उसी दिन टोरंटो में कनाडा और बोस्निया-हर्ज़ेगोविना के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

दूसरी ओर अमेरिका के लॉस एंजेलिस में होने वाले अमेरिका और पराग्वे के मैच से पहले लोकप्रिय पॉप स्टार केटी पेरी और रैपर फ्यूचर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

विश्व कप फाइनल में पहली बार होगा सुपर बाउल जैसा विशेष शो

फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार फाइनल मुकाबले के दौरान सुपर बाउल की तर्ज पर एक विशेष मध्यांतर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले के दौरान शकीरा, मैडोना और बीटीएस मंच पर प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबले को और भी भव्य बनाने की दिशा में एक नया कदम माना जा रहा है।

शिक्षा और खेल के लिए जुटाया जाएगा फंड

फीफा ने जानकारी दी है कि इस विशेष कार्यक्रम से प्राप्त आय ‘ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड’ को दी जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य दुनिया भर के बच्चों को शिक्षा और फुटबॉल से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ डॉलर जुटाना है।

हालांकि इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ प्रशंसकों ने मैडोना की भागीदारी पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ लोगों ने बीटीएस को लेकर अपनी असहमति जताई है। यहां तक कि शकीरा की मौजूदगी पर भी कुछ प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।

इसके बावजूद शकीरा आज भी फुटबॉल प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। खास तौर पर फीफा विश्व कप 2010 के उनके चर्चित गीत ‘वाका वाका’ ने उन्हें दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का प्रिय कलाकार बना दिया था। अब एक बार फिर फीफा विश्व कप 2026 के मंच पर उनकी मौजूदगी को लेकर उत्साह चरम पर है।

Articles you may like: