लंदन : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने आगामी महिला टी-20 विश्व कप को लेकर अपनी भविष्यवाणियां साझा की हैं। उनका मानना है कि मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार सबसे मजबूत टीमें होंगी।
महिला टी-20 विश्व कप 12 जून से यूनाइटेड किंगडम में शुरू होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बर्मिंघम में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।
आईसीसी रिव्यू कार्यक्रम में बातचीत के दौरान नासिर हुसैन ने कहा कि छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, मेजबान इंग्लैंड, मौजूदा महिला एकदिवसीय विश्व कप विजेता भारत और वर्तमान टी-20 विश्व कप चैंपियन न्यूज़ीलैंड उनके अनुसार अंतिम चार में पहुंचने की सबसे प्रबल दावेदार हैं।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड तो निश्चित रूप से मेरी सूची में हैं। मैंने पहले कहा था कि वेस्टइंडीज चौंका सकती है, लेकिन तीसरी टीम के रूप में मैं मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड को चुनूंगा।”
पिछले दो संस्करणों की उपविजेता टीमों भारत और दक्षिण अफ्रीका में से चयन करते हुए उन्होंने भारत को प्राथमिकता दी। उनका मानना है कि भारतीय टीम बड़े मुकाबलों में अपना स्तर और बेहतर कर लेती है।
उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चयन करना आसान नहीं है, लेकिन मैं भारत को चुनूंगा। मुझे लगता है कि बड़े मैचों में भारतीय टीम का प्रदर्शन और बेहतर हो जाता है। हमने यह बात 50 ओवर के विश्व कप में भी देखी थी। यदि आप ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम को हरा सकते हैं और फिर दक्षिण अफ्रीका को भी मात दे सकते हैं, तो इसका मतलब है कि आप बड़े नॉकआउट मुकाबलों में खुद को साबित कर सकते हैं।
नासिर हुसैन ने विशेष रूप से वेस्टइंडीज को संभावित ‘डार्क हॉर्स’ बताया। उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग इस टीम की चर्चा कर रहे हैं, जबकि यह वही टीम है जिसने 2016 में खिताब जीता था और 2024 संस्करण में इंग्लैंड को बाहर का रास्ता दिखाया था।
उन्होंने कहा कि मैं लगभग पूरे कार्यक्रम में वेस्टइंडीज का नाम लेना भूल ही गया था। लेकिन यह टीम हमेशा खतरनाक रही है। हेली मैथ्यूज, डिएंड्रा डॉटिन, चिनेल हेनरी जैसी खिलाड़ी टीम को बेहद मजबूत बनाती हैं। इनके कई खिलाड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते हैं और इंग्लैंड की परिस्थितियों से भी परिचित हैं। मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज इस बार अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम के सवाल पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को सबसे बड़ा दावेदार बताया। उनका मानना है कि यदि ऑस्ट्रेलिया फाइनल तक पहुंचती है तो उसके खिलाड़ियों के पास सबसे अधिक मैच खेलने का अवसर होगा, जिससे रन और विकेट दोनों के रिकॉर्ड बनने की संभावना बढ़ जाएगी।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी का नाम लिया। उन्होंने कहा कि बेथ मूनी की निरंतरता, अनुभव और इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव उन्हें इस दौड़ में सबसे आगे रखता है। यदि कोई खिलाड़ी पावरप्ले में बल्लेबाजी करती है और उसकी प्रतिभा बेथ मूनी जैसी है, तो उसके पास सबसे ज्यादा रन बनाने का शानदार मौका होता है। उन्होंने इंग्लैंड में काफी क्रिकेट खेली है और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए मेरी पसंद बेथ मूनी हैं।”
बेथ मूनी ने अब तक 118 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 3,545 रन बनाए हैं। उनका औसत 41.22 और स्ट्राइक रेट 125.53 रहा है। उनके नाम दो शतक और 28 अर्धशतक दर्ज हैं। वह इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल बल्लेबाज हैं। वर्ष 2020 के टी-20 विश्व कप में उन्होंने छह पारियों में 259 रन बनाकर एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया था।
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज के रूप में नासिर हुसैन ने इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल को चुना। उनका मानना है कि इंग्लैंड यदि टूर्नामेंट में लंबा सफर तय करती है तो लॉरेन बेल नई गेंद और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने कहा, “लॉरेन बेल ने नई गेंद से स्विंग कराने की कला पर काफी मेहनत की है। वह गेंद को अंदर और बाहर दोनों दिशाओं में मूव करा सकती हैं। इसके अलावा डेथ ओवरों में उनकी धीमी गेंदें और कटर्स भी बेहद प्रभावी हैं। इसलिए मुझे लगता है कि वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन सकती हैं।”
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी यानी ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए नासिर हुसैन ने ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड का नाम चुना। बेथ मूनी या लॉरेन बेल भी यह पुरस्कार जीत सकती हैं, लेकिन यदि मुझे एक खिलाड़ी चुननी हो जो दबाव को सबसे बेहतर तरीके से संभाल सकती है, तो मैं एनाबेल सदरलैंड का नाम लूंगा। उन्होंने द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन किया था और ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। मुझे लगता है कि वह इस टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी साबित हो सकती हैं।”
नासिर हुसैन की इन भविष्यवाणियों ने महिला टी-20 विश्व कप शुरू होने से पहले ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा को और तेज कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी भविष्यवाणियां कितनी सही साबित होती हैं और कौन सी टीम खिताब तक पहुंचने में सफल रहती है।