अलवरः राजस्थान के अलवर में कथित धर्मांतरण मामले की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को कोर्ट परिसर में अचानक हंगामे की स्थिति बन गई। जब पुलिस आरोपी राजकुमार को कोर्ट में पेश करने लाई, तब वहां मौजूद पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने उससे सवाल पूछने की कोशिश की। इसी दौरान उन्होंने गुस्से में आकर आरोपी को थप्पड़ मार दिया।
घटना होते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और आरोपी को तुरंत वहां से हटाकर दूसरी दिशा में ले गए। इस दौरान राजकुमार काफी घबराया हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था को बढ़ने नहीं दिया।
इससे पहले मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली निवासी राजकुमार को हिरासत में लिया था। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि वह केवल ईसा मसीह की प्रार्थना सभाएं आयोजित करता है और लोगों की धार्मिक आस्था उनका व्यक्तिगत विषय है। उसने किसी तरह के गलत काम से इनकार किया है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। थाना प्रभारी महेश तिवारी के नेतृत्व में टीम मकान मालिक और कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि धर्मांतरण के आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
घटना के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।