पटना: बिहार विधान परिषद (MLC) की 9 सीटों पर चुनाव की घोषणा के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के नाम तय करने में जुट गए हैं। इसी बीच जेडीयू से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक जेडीयू ने दो उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल कर लिए हैं। इनमें ललन मंडल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम शामिल है। पार्टी जल्द ही बाकी दो उम्मीदवारों के नामों पर भी मुहर लगा सकती है। माना जा रहा है कि आज किसी भी समय इन नामों का आधिकारिक ऐलान हो सकता है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव होना है। इन सभी सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को समाप्त हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। ये सभी सीटें विधायक कोटे से भरी जाएंगी, इसलिए विधानसभा में दलों की संख्या के आधार पर उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
जेडीयू में उम्मीदवारों के चयन को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। खासकर निशांत कुमार के नाम की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पार्टी की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।