🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बंगाल पुलिस की STF की टीम की संदेशखाली में बड़ी कार्रवाई, तालाब में छिपाए गए हथियार बरामद

शेख शाहजहां के ठिकानों पर राज्य पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 06, 2026 14:19 IST

राज्य पुलिस के STF की टीम संदेशखाली के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है। इस बात की जानकारी शनिवार (6 जून) को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने X हैंडल पर दी। सरबेड़िया, अकुंजीपाड़ा, बासंती, कुमड़ोखाली आदि जगहों पर STF की टीम तलाशी अभियान चला रही है।

शेख शाहजहां के ठिकानों पर राज्य पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के सरबेड़िया इलाके में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और बसिरहाट जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर छापेमारी की।

इस दौरान सरबेड़िया बाजार के आसपास स्थित कई गुप्त ठिकानों से अब तक 17 हथियार और 35 राउंड गोलियां बरामद की जा चुकी हैं।

Read Also | तारकेश्वर आ सकते हैं PM नरेंद्र मोदी, काशी विश्वनाथ मंदिर के तर्ज पर इसे सजाने की कवायद शुरू

हथियारों की बरामदगी मामले में मणिपुर ग्राम पंचायत के प्रधान प्रसेनजीत गंगोपाध्याय के घर पर भी पुलिस पहुंची। वहां भी तलाशी अभियान चलाया गया। इलाके में प्रसेनजीत को शेख शाहजहां का करीबी माना जाता है। शनिवार सुबह संदेशखाली के मणिपुर इलाके में एसटीएफ ने छापेमारी की।

इस दौरान तृणमूल नेता रबीन दास और उनके भाई गोपाल दास के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उनके घर के पास मौजूद तालाब से बड़ी मात्रा में हथियारों को बरामद किया गया। इन सभी हथियारों को कपड़े में लपेट कर जांच अधिकारी अपने साथ ले गए।

बता दें, छापेमारी के दौरान एसटीएफ टीम के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद हैं। इस घटना के बाद से ही रबीन दास और गोपाल दास फरार बताए जा रहे हैं। दोनों के खिलाफ पिछले लंबे समय से स्थानीय लोग शिकायतें दर्ज करवा रहे थे। आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर दोनों इलाके में मनमानी करते थे।

बंगाल एसटीएफ की ओर से बताया गया कि इस पूरे अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों से अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार (6 जून) की सुबह से चार अलग-अलग जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बारासात पुलिस जिले की टीम भी मौजूद थी।

अभियान में अब तक 18 से अधिक हथियारों को बरामद किया जा चुका है और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ का दावा है कि गिरफ्तार सभी लोग शेख शाहजहां के करीबी हैं। इस बड़ी कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एसटीएफ की सराहना करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया है।

Articles you may like: