रिषड़ा : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हुगली जिले के रिषड़ा में पिछले एक दशक से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रथम भारतीय सहायता फाउंडेशन द्वारा एक भव्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच निःशुल्क वस्त्र वितरित किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया गया तथा लोगों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया। संस्था ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद शशि सिंह झा, पार्षद मनोज सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी सुभो दा, समाजसेवी अशोक अग्रवाल तथा प्रदीप डागा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय संस्था के मुख्य निदेशक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य वित्तीय अधिकारी चंदन शॉ के साथ दीपक शॉ, राधिका मैम, चेतना सिंह, प्रीति मैम, अंकित कुमार, अंशिका सिंह, अंकिता बारी, पूजा सिंह, लवली माहेश्वरी, विवेक तथा राज ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के निदेशक प्रमोद कुमार ने कहा कि आने वाले समय में संस्था देश के प्रत्येक कोने तक अपनी पहुँच बनाने का प्रयास करेगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर, अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से निर्धन एवं वंचित बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा, गायन, नृत्य, खेलकूद, योग तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने संस्था की कार्यशैली एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और निरंतरता के साथ संस्था समाजहित में कार्य कर रही है, उससे आने वाले समय में यह संगठन राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा और विभिन्न क्षेत्रों में इसके सेवा केंद्र विकसित होंगे।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद शशि सिंह झा ने संस्था के निदेशक प्रमोद कुमार की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा, “हवा की दिशा में तो हर कोई चलता है, लेकिन जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता रहता है और मंजिल हासिल करता है, वही वास्तविक योद्धा कहलाता है।”
उल्लेखनीय है कि प्रथम भारतीय सहायता फाउंडेशन वर्ष 2016 से लगातार समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है। वर्तमान में संस्था से सैकड़ों सदस्य जुड़े हुए हैं। संस्था चौबीसों घंटे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है तथा विभिन्न सामाजिक और मानवीय गतिविधियों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग प्रदान कर रही है।