🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सिमडेगा से लंदन तक पहुंची आम की मिठास, महिला किसानों ने खोला निर्यात का नया रास्ता

आम्रपाली आमों की ब्रिटेन में एंट्री; बेहतर दाम, महिला सशक्तीकरण और कृषि निर्यात को मिला नया बल।

By श्वेता सिंह

Jun 06, 2026 19:15 IST

नई दिल्लीः झारखंड के सिमडेगा जिले में महिला किसानों द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं। इन आमों की खेप ब्रिटेन पहुंचने लगी है, जिसे केंद्र सरकार ने भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक स्वीकार्यता और ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह ‘लोकल से ग्लोबल’ बनने की दिशा में एक प्रेरक सफलता है। उन्होंने बताया कि सिमडेगा की महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम अब यूनाइटेड किंगडम के बाजारों में पहुंच रहे हैं।

मंत्री ने इस पहल के लिए कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि एपीडा के लगातार प्रयासों से किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिल रही है, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है।

पीयूष गोयल के अनुसार, इस पहल का असर केवल निर्यात तक सीमित नहीं है। इससे ग्रामीण महिलाओं को नई पहचान मिली है और कृषि क्षेत्र में उनकी भूमिका भी मजबूत हुई है। महिला किसानों की भागीदारी से तैयार उत्पादों का विदेशों तक पहुंचना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

सिमडेगा से ब्रिटेन तक आमों का पहुंचना इस बात का उदाहरण है कि देश के दूरदराज इलाकों में पैदा होने वाले कृषि उत्पाद भी वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय कृषि निर्यात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Read also| RBI के संकेतों ने बढ़ाई चिंता, शेयर बाजार की चाल पड़ी धीमी

भारत सरकार पिछले कुछ वर्षों से कृषि निर्यात बढ़ाने और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने पर जोर दे रही है। इसी रणनीति के तहत किसानों को गुणवत्ता, पैकेजिंग, विपणन और निर्यात प्रक्रियाओं में सहयोग दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि एपीडा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाली संस्था है, जो कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के साथ किसानों और उत्पादक समूहों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने में सहायता प्रदान करती है।

झारखंड के आम्रपाली आमों की यह सफलता न केवल राज्य के किसानों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही सहयोग और बाजार उपलब्ध होने पर स्थानीय उत्पाद वैश्विक पहचान हासिल कर सकते हैं।

Articles you may like: