वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में पिज्जा डिलीवरी के दौरान एक भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अंशुल कुंचा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले थे। वह फिलाडेल्फिया स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और अतिरिक्त आय के लिए पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम भी करते थे।
परिजनों को आशंका है कि जिस पिज्जा ऑर्डर को पूरा करने के लिए अंशुल गए थे, वह एक सुनियोजित जाल था। परिवार का मानना है कि फर्जी ऑर्डर के बहाने उन्हें निशाना बनाया गया और हत्या की गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात अंशुल उत्तर फिलाडेल्फिया के एक आवासीय परिसर में पिज्जा पहुंचाने गए थे। आरोप है कि वहां पहुंचने के कुछ ही समय बाद उन पर गोली चला दी गई। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। उसी रात उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस फ्लैट में अंशुल पिज्जा पहुंचाने गए थे, वह खाली था। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और हत्या की साजिश की आशंका और गहरा गई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अंशुल की बहन तन्वी ने दावा किया है कि पिज्जा का यह ऑर्डर उन्हें फंसाने के लिए दिया गया था। परिवार का कहना है कि इससे पहले भी अमेरिका में अंशुल लूटपाट की घटनाओं का शिकार हो चुके थे। उस दौरान बदमाशों ने उनकी सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी छीन ली थी। हालांकि, परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि उन पर इतना घातक हमला हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार अंशुल को बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी। बाद में उनकी कार भी बरामद कर ली गई। वाहन के अंदर एक बैग और कई पिज्जा बॉक्स मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। अंशुल पिछले चार वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी करने के साथ-साथ छुट्टियों और खाली समय में पिज्जा डिलीवरी का कार्य भी करते थे ताकि अपनी आय बढ़ा सकें।
अंशुल की बहन तन्वी ने मांग की है कि उनके भाई का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अंशुल कुंचा की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में दूतावास ने कहा कि वह मृतक के परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।