मॉस्को : रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में यूक्रेन की ओर से हमला किया गया। यह घटना ऐसे समय में हुई जब वहाँ रूस का वार्षिक आर्थिक मंच चल रहा था, जिसमें विदेशी निवेश को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम में लगभग 130 देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। कई वर्षों बाद पहली बार अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल भी इसमें शामिल हुआ था। रूस ने इस यूक्रेनी हमले को ‘अभूतपूर्व’ करार दिया है।
लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर के अनुसार केवल उसी क्षेत्र में 140 ड्रोन को मार गिराया गया। स्थानीय प्रशासन ने यह भी बताया कि पिछले चार वर्षों में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब स्थानीय लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई। रूस का दावा है कि इमारतों को जो नुकसान हुआ है, वह बहुत ही मामूली है।
इस हमले के बाद यूक्रेन के एक कमांडर ने बयान दिया कि रूस के भीतर हमला करना बेहद आसान था। उनके अनुसार उन्हें किसी बड़े प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा और वे आसानी से अपने लक्ष्यों पर ड्रोन दागने में सफल रहे। दूसरी ओर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की का कहना है कि यह कार्रवाई केवल रूस के हमलों के जवाब में की गई है। ज़ेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने रूस के हथियार और नौसैनिक ठिकानों को निशाना बनाया है। साथ ही, उनके ड्रोन 1,000 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम हैं।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही जेलेंस्की ने युद्ध समाप्त करने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को सीधे बातचीत का प्रस्ताव दिया था, लेकिन पुतिन ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि हमलों के बीच जेलेंस्की से मिलने का कोई अर्थ नहीं है। इसी बीच रूस ने यह भी दावा किया है कि उसके सैनिकों ने खार्किव क्षेत्र के एक गाँव पर कब्जा कर लिया है।