अमेरिकी सुपरमॉडल गीगी हदीद ने हाल ही में एपस्टीन फाइल्स में अपना नाम आने पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस पूरे मामले को बेहद परेशान करने वाला बताया और साफ किया कि उनका जेफ्री एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं रहा।
दरअसल अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेज़ों में दिसंबर 2015 का एक ईमेल सामने आया है, जिसमें जेफ्री एपस्टीन से गीगी हदीद और उनकी बहन बेला हदीद की सफलता को लेकर सवाल पूछा गया था। इसमें यह जानने की कोशिश की गई थी कि दोनों बहनों ने मॉडलिंग में इतनी सफलता और कमाई कैसे हासिल की। इस पर एपस्टीन ने जवाब देते हुए कहा था कि उनकी सफलता उनके काम और निर्देशों का पालन करने की वजह से है और उन्होंने यह भी खारिज किया कि उनके पिता ने उनके करियर को आर्थिक रूप से समर्थन दिया था।
यह पढ़कर बेहद खराब लगा-गीगी की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर सवाल उठने के बाद गीगी हदीद ने अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि इन दस्तावेज़ों को पढ़कर उन्हें बहुत बुरा महसूस हुआ और यह जानकर झटका लगा कि कोई व्यक्ति जिससे वे कभी मिली भी नहीं इस तरह उनके बारे में बात कर रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरू में उन्होंने जानबूझकर इस विषय पर कुछ नहीं कहा क्योंकि वे नहीं चाहती थीं कि उनकी प्रतिक्रिया से एपस्टीन के पीड़ितों की आवाज़ दब जाए। लेकिन बाद में उन्हें लगा कि उनकी चुप्पी को गलत तरीके से समझा जा रहा है, इसलिए उन्होंने अपनी बात सामने रखी।
करियर और निजी जीवन पर भी दी सफाई
गीगी हदीद ने अपने करियर को लेकर भी साफ किया कि उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि भले ही उनका पालन-पोषण सुविधाओं के बीच हुआ लेकिन उनके माता-पिता मोहम्मद हदीद और योलांडा हदीद ने उन्हें कड़ी मेहनत और अनुशासन के मूल्य सिखाए। उन्होंने यह भी बताया कि 2012 में मॉडलिंग एजेंसी से जुड़ने के बाद से वे लगातार काम कर रही हैं और अपने करियर को खुद आगे बढ़ाया है।
एपस्टीन मामले की पृष्ठभूमि
जेफ्री एपस्टीन पहले नाबालिग से जुड़े अपराधों में दोषी ठहराए जा चुके थे और जुलाई 2019 में उन्हें सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में ट्रायल से पहले ही जेल में उनकी मौत हो गई, जिसे आत्महत्या माना गया।