🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रितिका मोदी दूसरी बार बनीं 'मिस राजस्थान', बॉडीबिल्डिंग में 6 महीने में जीते 6 मेडल

रमेश मोदी की बेटी रितिका अब यहीं रुकने वाली नहीं हैं। अपनी प्रतिभा से प्रदेश का मान बढ़ाने के बाद, अब उनका अगला लक्ष्य एशियाई गेम्स (Asian Games) में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।

By लखन भारती

Apr 07, 2026 11:49 IST

जयपुरः राजस्थान की एक बेटी ने बॉडी बिल्डिंग (Bodybuilding) की दुनिया में वो कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है। बीकानेर जिले के देशनोक कस्बे की रहने वाली रितिका मोदी ने महज 6 महीने के भीतर बैक-टू-बैक 6 मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रितिका ने एक बार फिर मिस राजस्थान 2026 (Miss Rajasthan 2026) का खिताब जीतकर अपनी बादशाहत साबित कर दी है।

जयपुर में जीता था पहला मेडल

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली रितिका मोदी की यह कामयाबी इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने स्टेट से लेकर नेशनल लेवल तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रितिका की इस ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत 10 अक्टूबर 2025 को जयपुर में हुई थी, जहां उन्होंने NPC द्वारा आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में अपना पहला ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके बाद रितिका ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

17 दिन बाद जीते 2 और मेडल

कोच हरज्योत सिंह के मार्गदर्शन में रितिका ने जीत की ऐसी रफ्तार पकड़ी कि महज 17 दिनों के अंतराल में उन्होंने मिस बीकानेर (Miss Bikaner) का सिल्वर मेडल और अगले ही दिन जयपुर में मिस रॉयल राजस्थान (Miss Royal Rajasthan) का गोल्ड मेडल जीतकर सबको चौंका दिया। जीत का यह सिलसिला 5 अप्रैल 2026 को बीकानेर में 'मिस राजस्थान-2026' के टाइटल और गोल्ड मेडल के साथ एक नए मुकाम पर पहुंच गया।

2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल

रितिका के नाम अब 6 महीनों के भीतर कुल 6 मेडल दर्ज हैं, जिनमें दो गोल्ड, एक सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय वह अपनी कड़ी मेहनत और परिवार के सहयोग को देती हैं। 'मिस राजस्थान' बनने के बाद देशनोक पहुंचने पर रितिका का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने करणी माता के मंदिर (Karni Mata Temple) में दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जहां मंदिर प्रन्यास और विप्र फाउंडेशन ने उनका पारंपरिक अभिनंदन किया।

Articles you may like: