🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

Tamilnadu Election: मदुरै में चुनावी घमासान तेज: फडणवीस ने DMK पर बोला हमला, NDA सरकार बनाने का दावा

मदुरै दौरे में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और कर्ज को बनाया बड़ा मुद्दा।

By श्वेता सिंह

Apr 06, 2026 16:29 IST

मदुरैः तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस (Devendra Fadnavis) ने सोमवार को मदुरै में DMK सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में बदलाव की लहर होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए (NDA) सत्ता में आएगा।

फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) सरकार “भ्रष्टाचार में डूबी हुई” है और उसके अधिकांश मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके अनुसार, यह सरकार राज्य की परंपराओं और मूल्यों के खिलाफ काम कर रही है।

सुरक्षा और अपराध को लेकर सरकार पर सवाल

देवेंद्र फडनवीस (Devendra Fadnavis) ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में बाल यौन शोषण के मामलों में दोगुनी वृद्धि हुई है और नशे का कारोबार भी बढ़ रहा है। उन्होंने DMK पर अपराधियों के साथ “मिलीभगत” का आरोप लगाया और कहा कि जनता इस स्थिति से नाराज है।

कर्ज के जाल में फंसता तमिलनाडु: फडणवीस

फडणवीस ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु पर कर्ज 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और कर्ज-से-जीडीपी अनुपात 33 प्रतिशत के पार पहुंच गया है। उन्होंने इसे “कर्ज का जाल” बताते हुए कहा कि यह DMK सरकार के खराब वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है।

भाषा नीति और परंपरा पर सियासी तकरार

तीन-भाषा नीति को लेकर चल रही बहस पर देवेंद्र फडनवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि भारत एक राष्ट्र है और सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए। वहीं, कार्तिगई दीपम (दीप प्रज्वलन) को लेकर विवाद पर उन्होंने DMK पर “वोट बैंक की राजनीति” करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार पारंपरिक मान्यताओं में हस्तक्षेप कर रही है।

मीनाक्षी मंदिर में दर्शन, ‘अच्छे शासन’ की कामना

मदुरै दौरे के दौरान फडणवीस ने प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर (Meenakshi Amman Temple) में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने माता मीनाक्षी और भगवान शिव से प्रार्थना की है कि तमिलनाडु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में “अच्छा शासन” स्थापित हो और जनता की अपेक्षाएं पूरी हों।

फडणवीस ने मदुरै दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार रामा श्रीनिवासन (Rama Srinivasan) के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं से NDA के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और उसके सहयोगी दल मिलकर इस बार तमिलनाडु में सरकार बनाएंगे।

DMK बनाम NDA: मुद्दों पर सीधा मुकाबला

तमिलनाडु की राजनीति में इस समय DMK और NDA के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। जहां NDA भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और आर्थिक प्रबंधन को मुद्दा बना रही है, वहीं DMK अपनी नीतियों और योजनाओं के आधार पर जनता का समर्थन बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। देवेंद्र फडनवीस (Devendra Fadnavis) के बयानों से स्पष्ट है कि NDA इस चुनाव में आक्रामक रणनीति अपनाते हुए DMK सरकार को हर मोर्चे पर घेरने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में यह मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Articles you may like: