🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बिगड़ा मौसम और नहीं उतर सका अभिषेक बनर्जी का हेलिकॉप्टर, भगवानगोला में सभा रद्द

काफी देर तक इंतजार करने के बाद आखिरकार स्थानीय नेताओं ने इस रैली को रद्द करने की घोषणा कर दी।

By Moumita Bhattacharya

Mar 28, 2026 17:29 IST

मौसम बिगड़ जाने की वजह से मुर्शिदाबाद के भगवानगोला विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की रैली को रद्द कर देना पड़ा। तेज तूफानी बारिश शुरू हो जाने की वजह से उनका हेलिकॉप्टर हेलिपैड पर नहीं उतर सका। काफी देर तक इंतजार करने के बाद आखिरकार स्थानीय नेताओं ने इस रैली को रद्द करने की घोषणा कर दी।

शनिवार की दोपहर को बीरभूम के लाभपुर में अभिषेक बनर्जी ने चुनावी सभा को संबोधित किया जिसके बाद लाभपुर के मां फुल्लरा मंदिर में पूजा अर्चना भी की। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें भगवानगोला विधानसभा क्षेत्र के पका दरगाह मैदान में सभा को संबोधित करना था। इसके लिए सारी तैयारियां भी कर ली गयी थी।

भगवानगोला रेलवे स्टेशन से लगभग चार किलोमीटर दूर नहर ब्रिज के पास अभिषेक बनर्जी की सभा का मंच तैयार कर लिया गया था। पिछले कई दिनों से युद्धकालीन तत्परता के साथ ही सभा और मंच निर्माण को लेकर सारी तैयारियां की जा रही थी। पिछले मंगलवार को भगवानगोला विधानसभा के विदा हो रहे विधायक और तृणमूल प्रत्याशी रियात हुसैन सरकार ने एक बैठक कर पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उसमें इस सभा को सफल बनाने की योजनाएं भी बनायी थी।

Read Also | हमें किसी 'बुलडोजर मॉडल' की जरूरत नहीं है - अभिषेक बनर्जी ने क्यों कहा ऐसा?

शनिवार की दोपहर से ही मौसम बदलने लगा और दोपहर करीब डेढ़ बजे से तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गयी। अभिषेक बनर्जी की सभा के मंच के पास ही हेलिपैड बनाया गया था लेकिन मौसम खराब होने की वजह से हेलिकॉप्टर उतर ही नहीं पाया। स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ता रफीजुल इस्लाम ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को देखने और उनकी बातें सुनने के लिए आया था, लेकिन वे नहीं आ सके। बड़ी संख्या में सभा में पहुंचे लोगों को निराश होना पड़ा। हालांकि हम इससे हताश नहीं हैं और चुनावी लड़ाई में लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

वहीं भगवानगोला विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल उम्मीदवार रियात हुसैन सरकार ने कहा कि अभिषेक बनर्जी की सभा को सफल बनाने के लिए हर बूथ से भारी संख्या में लोग आए थे। लेकिन बारिश और खराब मौसम की वजह से इसमें बाधा पड़ गयी।

Articles you may like: