🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मोदी-ट्रंप फोन कॉल पर बड़ा खुलासा: एलन मस्क की मौजूदगी के दावे को विदेश मंत्रालय ने किया खारिज

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में टेस्ला के सीईओ एनल मस्क के भी शामिल होने का दावा किया गया था

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 28, 2026 18:37 IST

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उसके वैश्विक प्रभावों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में हुई टेलीफोन वार्ता को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस बातचीत में टेस्ला के सीईओ एनल मस्क भी शामिल थे, जिसे भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार 24 मार्च को हुई इस बातचीत में केवल दोनों देशों के शीर्ष नेता ही मौजूद थे और किसी तीसरे व्यक्ति की भागीदारी नहीं थी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस संवाद के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

दरअसल, क्षेत्र में युद्ध छिड़ने के बाद से होर्मुज़ जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता और चिंता बढ़ी है। इसी पृष्ठभूमि में दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत हुई थी।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से मस्क की कथित मौजूदगी को एक असामान्य घटना बताया था क्योंकि युद्ध जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में दो राष्ट्राध्यक्षों की बातचीत में किसी निजी व्यक्ति की भागीदारी बेहद दुर्लभ मानी जाती है। रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया कि यह घटनाक्रम ट्रंप और मस्क के बीच संबंधों में संभावित सुधार की ओर इशारा करता है।

गौरतलब है कि दोनों के रिश्तों में पिछले साल उस समय तनाव आ गया था, जब मस्क ने सरकारी कार्यकुशलता विभाग में अपनी भूमिका छोड़ दी थी। इस पद पर उन्हें संघीय ढांचे में सुधार और कार्यकुशलता बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि हालिया घटनाक्रमों और संपर्कों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि दोनों के बीच संबंध अब फिर से सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहे हैं। वहीं व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने केवल इतना कहा कि ट्रंप और मोदी के बीच संबंध मजबूत हैं और उनकी बातचीत सकारात्मक रही।

Articles you may like: