मुख्यमंत्री ऑफिस से आया हूं, ऐसा बताकर पिछले दो दिनों से कुछ युवकों ने कई व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी करते हुए हजारों रुपये ऐंठ लिये। लेकिन यह चाल कितने दिन ही चलेगी। आखिरकार गुरुवार को उन्हें दबोच लिया गया।
अलीपुरदुआर जंक्शन के DRM चौक के लिचुतला समेत कई इलाकों में दो युवक कई दुकानों में घूम रहे थे। बताया जाता है कि दोनों युवक अपने साथ अग्निशमन यंत्र लेकर आए थे।
दोनों युवकों ने खुद को 'मुख्यमंत्री के ऑफिस से आया हूं' बताया। दुकानदारों के मुताबिक दोनों युवकों ने दावा किया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आदेश दिया है कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र का होना अनिवार्य है।
Read Also | 30 मई को महंगाई भत्ता के मुद्दे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कर सकते हैं बैठक
अगर ऐसा नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है और गिरफ्तारी भी हो सकती है। बताया जाता है कि इसी डर का फायदा उठाकर दोनों दुकानदारों को लगातार धमकाते हुए उनके पास से अग्निशमन यंत्र खरीदने के लिए मजबूर करने की कोशिश करने लगे। बताया जाता है कि यह रुपए वसूलने का नया तरीका ढूंढ निकाला गया है।
कुछ व्यवसायियों ने तो 'मुख्यमंत्री ऑफिस से आए' दोनों युवकों के डर से ₹5000-₹5500 की कीमत वाले अग्निशमन यंत्र को ₹10,200 खरीद लिया। बाद में जांच में पाया गया कि यंत्र नकली तो नहीं है लेकिन इस पूरी घटना ने व्यापारियों के मन में संदेह जरूर पैदा कर दिया।
व्यवसायियों को सबसे अधिक यह बात अजीब लगी कि कोई व्यक्ति कोलकाता के मुख्यमंत्री ऑफिस से आया कर्मचारी बताकर खुद को अग्निशमन यंत्र कैसे बेच सकता है। बाद में जब इस बाबत जानकारियां जुटायी गयी तो पता चला कि बुधवार को ही इस तरह से कई इलाकों में जाकर व्यापारियों को ठगा गया था।
Read Also | कोलकाता हाईकोर्ट में बड़ी नियुक्तियां, तीन अहम पदों पर नए कानून अधिकारी नियुक्त
सभी व्यापारियों ने आपस में जानकारी साझा की। जब गुरुवार को दोनों युवक दूसरे इलाके में इसी प्रकार से अग्निशमन यंत्र बेचकर ठगने निकले तो पहले सतर्क व्यापारियों ने उन्हें पहचान लिया और पकड़कर दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार की शाम को ही अलीपुरदुआर थाना की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जो व्यवसायी अग्निशमन यंत्र खरीद चुके थे वे भी खबर मिलते ही थाना में पहुंच गए। बताया जाता है कि दोनों आरोपियों ने व्यापारियों को उनके रुपए वापस लौटा दिए। इस मामले में कोई भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है।
हालांकि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं इत्यादि जानकारियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।