वाशिंगटन डी.सी. : डोनाल्ड ट्रंप के पारिवारिक और राजनीतिक जीवन पर पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान में चल रहे युद्ध और उससे जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के कारण उनका व्यक्तिगत सुरक्षा का मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। इसी वजह से वह अपने बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के विवाह समारोह में शामिल नहीं हो पा रहे है हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका अंतिम निर्णय अभी पूरी तरह तय नहीं है।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका बेटा चाहता है कि वह शादी में शामिल हों, लेकिन मौजूदा समय में ईरान का मुद्दा उनके लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने हल्के व्यंग्य के अंदाज़ में कहा कि अगर वह जाएँ तो आलोचना होगी और अगर न जाएँ तब भी आलोचना झेलनी पड़ेगी। उन्होंने इस पूरे हालात को “बैड टाइमिंग” बताया।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस सप्ताहांत बहामास के एक निजी द्वीप पर समाजसेवी और मॉडल बेटिना एंडरसन से विवाह करने वाले हैं। यह समारोह बेहद सीमित और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित किया जा रहा है। इसमें केवल कुछ करीबी और चुनिंदा लोग ही आमंत्रित हैं। शुरुआती योजना व्हाइट हाउस में भव्य समारोह की थी, लेकिन वर्तमान अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की स्थिति के कारण इसे बदल दिया गया।
सीएनएन सहित कई रिपोर्टों में बताया गया है कि यदि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस कार्यक्रम में शामिल होते, तो सुरक्षा व्यवस्था अत्यधिक सख्त करनी पड़ती, जिससे आयोजन की निजी प्रकृति प्रभावित होती। इसी कारण वर और वधू ने कार्यक्रम को निजी रखने का निर्णय लिया, ताकि अतिथियों को असुविधा न हो और राजनीतिक ध्यान भी कम रहे।
यह डोनाल्ड ट्रंप जूनियर का दूसरा विवाह है। इससे पहले उनका लगभग 12 वर्षों तक वेनेसा ट्रंप के साथ वैवाहिक जीवन रहा जिनसे उनके पाँच बच्चे हैं। हाल ही में वेनेसा ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से बताया कि वह स्तन कैंसर से पीड़ित हैं और उपचाररत है जिससे ट्रंप परिवार पर अतिरिक्त भावनात्मक दबाव भी देखा जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर वर्तमान में द ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष हैं और ट्रंप के ‘एमएजीए’ राजनीतिक अभियान के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने पिछले वर्ष संकेत दिया था कि भविष्य में वे राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।
इसी बीच ईरान को लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका की सैन्य और कूटनीतिक स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। सुरक्षा चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और राजनीतिक आलोचनाओं के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए पारिवारिक समारोह में शामिल होने का निर्णय और अधिक जटिल हो गया है। ईरान में मिसाइल हमलों के कारण संभावना जताई जा रही है कि अंततः वह अपने बेटे की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे।