पिछले कई दिनों से पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब भारतीय बाजारों पर पड़ना शुरू हो चुका है। इस युद्ध की वजह से वाणिज्यिक सिलेंडर की आपूर्ति तो प्रभावित हुई है। इस वजह से होटल व रेस्तरां के व्यवसायी वर्ग काफी परेशान हैं। अब घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से लगातार रसोई गैस और परिवहन क्षेत्रों की जरूरतों को सबसे पहले पूरा करने का आश्वासन दिया जा रहा है।
लेकिन दूसरी ओर रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना के मद्देनजर कोलकाता में इंडक्शन कूकटॉप की खरीद में उछाल आने का दावा किया जा रहा है। News18 की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम के बाद से इंडक्शन कूकटॉप की खरीदारी में लगभग 3 गुना उछाल आया है।
एक प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक दुकान के हवाले से बताया गया है कि शनिवार को इन्डक्शन कूकटॉप की बिक्री में करीब 60 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गयी है। दावा किया जा रहा है कि रविवार को भी यहीं स्थिति रही है। उक्त दुकान के एक कर्मचारी ने मीडिया से हुई बातचीत में बताया कि आमतौर पर कोलकाता के 50 से अधिक आउटलेट से प्रतिदिन 40 से 45 इंडक्शन कूकटॉप की बिक्री होती थी। लेकिन रसोई गैस की समस्याओं के सामने आने के बाद यह बिक्री 120-130 पर पहुंच चुकी है।
सिर्फ इंडक्शन ही नहीं बल्कि इंडक्शन कूकटॉप के लिए आवश्यक बर्तनों की बिक्री में भी अचानक उछाल देखा जा रहा है। इसके साथ अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जैसे इलेक्ट्रिक केटली, हॉट प्लेट आदि की बिक्री भी बढ़ गयी है।