कोलकाताः पश्चिम बंगाल का मौसम फिर से बदलने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिम बंगाल-ओडिशा सीमा के पास बने घूर्णावर्त की वजह से राज्य में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। अलीपुर मौसम विभाग ने जो मौसम का अनुमान लगाया था, वह सच साबित हुई। रविवार दोपहर दो बजे के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गयी।
अलीपुर मौसम विभाग की रविवार शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक कोलकाता में 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि इस साल 24 फरवरी को ही पहली बारिश हो चुकी थी, जब 6.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी थी। मात्रा के हिसाब से बारिश कम हुई है, लेकिन मौसम के हिसाब से यह स्थिति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बंगाल में बुधवार तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। अगले रविवार को फिर से बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
आज सोमवार और कल मंगलवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि इन जिलों में कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में आंधी-तूफान सहित मौसम की चेतावनी जारी की गयी है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान दिन और रात के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। उत्तर बंगाल के सभी जिलों में शनिवार तक आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की बहुत ज्यादा संभावना है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी के लिए आज और कल के लिए अलग से चेतावनी जारी की गयी है। अगले सात दिनों तक उत्तर बंगाल में न्यूनतम या अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है।