कटवा और कालना: भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ रविवार दोपहर को कटवा के पानुहाट, एकाइहाट और दांइहाट इलाकों से गुजरा। तृणमूल का आरोप है कि उन इलाकों में कई लोगों ने अपना मताधिकार खो दिया है। कई लोगों के नाम अब भी विचाराधीन लिस्ट में शामिल है। इसीलिए वे लोग भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ देखने नहीं आए। कटवा के MLA और पूर्व बर्दवान जिला के तृणमूल अध्यक्ष रवींद्रनाथ चटर्जी ने कहा, 'भाजपा की परिवर्तन यात्रा सुपर फ्लॉप रही है। उन्होंने कई लोगों का मताधिकार छीना है। अब लोग इनकी बहानेबाजी समझ गए हैं। इसीलिए लोग अब इनके झांसे में नहीं आ रहे हैं।'
इसी दिन सुकांत मजूमदार ने कटवा में एक सभा में कहा, 'चाहे BJP का हो या फिर तृणमूल का, किसी भी व्यक्ति का नाम पेंडिंग लिस्ट में हो सकता है। सभी को फॉर्म भरकर जमा करना होगा। जो हिंदू शरणार्थी हैं, उन्हें सीएए के लिए आवेदन करना होगा। मेरे लोकसभा क्षेत्र में अब तक 76 लोगों को सीएए से नागरिकता मिली है। 90 हजार लोगों ने सीएए का आवेदन जमा किया है। मुझे यकीन है कि उनमें से 90 प्रतिशत ने सही जानकारी जमा की है। उन सभी को सीएए के माध्यम से नागरिकता मिल रही है।’ इसी दिन भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ पूर्बस्थली उत्तर विधानसभा के छातनी मोड़ होते हुए कालना महकमा से गुजरा। वहां भी सुकांत मजूमदार ही मुख्य वक्ता थे। उन्होंने कहा, ' वह छह साल से अधिक समय से वह सांसद हैं। एक साल से अधिक समय से मंत्री भी हैं। उनके खिलाफ कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा, तृणमूल आज तक हमारे खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई मामला नहीं ला सकी है, क्योंकि मैं नरेंद्र मोदी का भक्त हूं। न खाऊंगा, न खाने दूंगा की नीति पर यकीन करता हूं। सुना है कि यहां तृणमूल के कुछ गुण्डे दादागिरी करते हैं। अब भी वक्त है। अगर नहीं सुधरे तो उल्टा लटका कर उन्हें सीधा करने का इंतजाम हम करेंगे।' पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि ‘बंगाल में BJP सत्ता में आई तो उत्तर प्रदेश की तरह यहां बुलडोजर नीति लागू की जाएगी।
पुलिस अपराधी को सिर्फ गिरफ्तार नहीं करेगी, बल्कि उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा।’ उन्होंने पूर्वस्थली उत्तर के MLA तपन चटर्जी और पूर्वस्थली दक्षिण के MLA स्वपन देबनाथ पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘MLA के बारे में जितना कम कहूं, उतना ही अच्छा है। इस बार आपको जाना होगा। मुझे नहीं पता कि तृणमूल आपको टिकट देगी या नहीं, अगर देगी तो मैं गारंटी देता हूं कि BJP 10 गोल दागेगी।’ BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कालना शहर की सभा में कहा, ‘ब्रिगेड मीटिंग में पांच लाख से ज्यादा लोग इकट्ठा होंगे। प्रधानमंत्री उस मीटिंग में कुछ नहीं कहेंगे, काम करके दिखायेंगे। जिन शरणार्थियों के नाम हटा दिए गए हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी नाम जोड़े जाएंगे। CAA के जरिए नागरिकता दी जाएगी। लेकिन जो घुसपैठिए हैं, उनके लिए यहां कोई जगह नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं BJP में सड़े हुए आलू को शामिल नहीं करुंगा। जो लोग आएंगे, उन्हें जनता का पैसा वापस लौटाना होगा। शुद्धिकरण के बाद ही वे पार्टी में शामिल हो सकते हैं।'