🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बुझ गयी उम्मीद की टिमटिमाती लौ : नजीराबाद अग्निकांड में 16 DNA हुए मैच

बताया गया कि DNA के मिलान के लिए जो नमूना लिया गया था, वह जली-अधजली लाशों से मैच करता है।

By Ayantika Saha, Posted By : Moumita Bhattacharya

Feb 21, 2026 10:58 IST

कहते हैं उम्मीद पर ही दुनिया कायम है। अपनो को खोने के डर के बीच भी उम्मीद की एक किरण बची हुई थी। शायद कोलकाता के नजिराबाद में अगलगी की घटना में परिवार का 'वह' सदस्य बच गया हो। शायद इस वक्त कहीं और है। शायद किसी अस्पताल में इलाजरत है। शायद अभी फोन आएगा और फोन करने वाला कोई अपना होगा जो अपनी सलामती की खबर सुनाएगा।

लेकिन सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गयी। फोन तो आया लेकिन परिजन का नहीं बल्कि प्रशासनिक अधिकारी का। अधिकारी ने बताया कि DNA के मिलान के लिए जो नमूना लिया गया था, वह जली-अधजली लाशों से मैच करता है। इसके साथ ही इतने दिनों से जल रही उम्मीद की टिमटिमाती हुई लौ भी बुझ गयी।

गत 25 जनवरी को नरेंद्रपुर के नजिराबाद के गोदाम में जलकर पूर्व मिदनापुर जिले के 21 मजदूरों की मौत हो गयी थी। उनके बारे में कोई जानकारी जब नहीं मिल रही थी तो परिवार को लग रहा था कि शायद इस अफरा-तफरी के माहौल में वे कहीं गुम हो गए हैं। किसी अस्पताल में इलाजरत हैं जहां से उनके आने की खबर तुरंत मिलेगी। लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतता रहा उनके मन में डर भी बैठने लगा।

पूर्व मिदनापुर के तमलुक, पांशकुड़ा, मयना, नंदकुमार, सुताहाटा और शहीद मातंगिनी ब्लॉक के 21 परिवारों के सदस्यों का नमूना लिया गया था। बताया जाता है कि इनमें से 16 लोगों का DNA मैच हो गया है। शुक्रवार की शाम को इस बात की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवारों को दी। हालांकि अभी तक जिले के 5 लोगों का DNA रिपोर्ट नहीं आया है।

लापता मजदूर खुदीराम दीन्दा के बेटे नारायण का कहना है कि शुक्रवार की शाम को ब्लॉक ऑफिस से फोन किया गया था। हमें बताया गया कि परिवार के साथ DNA मैच हो गया है। शनिवार की सुबह हमें नरेंद्रपुर थाना में बुलाया गया है। पूर्व मिदनापुर जिले के जिलाधिकारी यूनुस ऋषिन इस्माइल का कहना है कि आनंदपुर अग्निकांड में जिले के कुल 21 मजदूर लापता थे। उनके परिवारों का DNA सैम्पल लिया गया था। अभी तक 16 लोगों के DNA का रिपोर्ट आया है। सभी परिवारों को प्रशासन की ओर से जानकारी दे दी गयी है।

बताया जाता है कि नजीराबाद कांड में जिन 18 लोगों की शिनाख्त हो चुकी है उनके देहांश आज (शनिवार) को परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों के परिजनों को शनिवार को नरेंद्रपुर में बुलाया गया है। कुछ सरकारी प्रक्रियाओं को वहां पूरा किया जाएगा जिसके बाद उन्हें काटापुकुर मॉर्ग लेकर जाया जाएगा।

वहां सुरक्षित रखे देहांश व अधजली हड्डियों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही 9 परिवार अभी भी DNA रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस की ओर से बताया गया है कि बाकी 9 लोगों के DNA मैचिंग का काम किया जा रहा है।

Prev Article
गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस, चौपाल पर सुनी जाएगी समस्याएं
Next Article
मुर्शिदाबाद के CRPF जवान को अमित शाह ने गैलेंट्री अवॉर्ड से किया सम्मानित, कई मुश्किल ऑपरेशन में साबित की बहादुरी

Articles you may like: