वॉशिंगटनः फ्लोरिडा के पाम बीच में स्थित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो की सुरक्षित परिधि में रविवार तड़के करीब 1:30 बजे एक सशस्त्र व्यक्ति के घुसने के बाद उसे गोली मारकर ढेर कर दिया गया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार, यह व्यक्ति बंदूक (शॉटगन) और गैस कैनिस्टर लेकर परिसर में दाखिल हुआ था। घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में थे। हालांकि वह अक्सर सप्ताहांत अपने रिसॉर्ट में बिताते हैं, लेकिन उस समय वह वहां मौजूद नहीं थे। प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी शनिवार रात राष्ट्रपति के साथ व्हाइट हाउस में थीं। शुरू में मारे गए व्यक्ति का नाम जारी नहीं किया गया था, लेकिन बाद में उसकी पहचान नॉर्थ कैरोलाइना के 21 वर्षीय ऑस्टिन टकर मार्टिन के रूप में की गई।
पाम बीच काउंटी के शेरिफ रिक ब्रैडशॉ ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि संदिग्ध पहले से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए परिचित था। जब व्यक्ति को रोका गया तो दो सीक्रेट सर्विस एजेंटों और एक शेरिफ डिप्टी ने उसका सामना किया। उसे अपने पास मौजूद सामान नीचे रखने का आदेश दिया गया। उसने गैस कैन नीचे रख दी, लेकिन शॉटगन को फायरिंग पोज़ीशन में उठा लिया। इसके बाद एजेंटों और डिप्टी ने खतरे को निष्क्रिय करने के लिए गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने बताया कि व्यक्ति मार-ए-लागो के उत्तरी गेट से उस समय अंदर घुसा जब एक अन्य वाहन बाहर निकल रहा था। उसके वाहन से बंदूक का डिब्बा भी बरामद किया गया।
जांच में जुटीं एजेंसियां, एफबीआई ने मांगी मदद
जांचकर्ताओं के अनुसार संदिग्ध शुरुआती बीस की उम्र में था और कुछ दिन पहले उसके परिवार ने उसे लापता बताया था। वह नॉर्थ कैरोलाइना से दक्षिण की ओर आया और रास्ते में शॉटगन हासिल की। एफबीआई ने आसपास के निवासियों से अपील की है कि यदि उनके पास सुरक्षा कैमरों की कोई फुटेज हो तो जांच में मदद के लिए उपलब्ध कराएं। एजेंसियां उसके मनोवैज्ञानिक प्रोफ़ाइल तैयार करने में जुटी हैं और उसके मकसद की जांच अभी जारी है। मामले से परिचित एक व्यक्ति ने, जिसे सार्वजनिक रूप से जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं थी, गुमनामी की शर्त पर उसकी पहचान की पुष्टि की।
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एजेंसी इस मामले की जांच के लिए सभी आवश्यक कदम उठायेगी। अधिकारियों के अनुसार अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि संदिग्ध पहले से किसी आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज था या नहीं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने रिसॉर्ट की सुरक्षा परिधि में प्रवेश की योजना कैसे बनाई और उसका अंतिम उद्देश्य क्या था।
पहले की घटनाओं का संदर्भ
हालांकि सशस्त्र व्यक्ति के मार-ए-लागो परिसर में प्रवेश करने के मकसद का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी जान से मारने की धमकियों और हमलों का सामना कर चुके हैं। 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान उन पर हुए हत्या के प्रयास में वे घायल हुए थे। इसके बाद 15 सितंबर 2024 को वेस्ट पाम बीच में उनके गोल्फ कोर्स के पास एक राइफलधारी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जब राष्ट्रपति गोल्फ खेल रहे थे और उसे इसी महीने आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। हाल के वर्षों में अमेरिका कई बार राजनीतिक हिंसा की घटनाओं से दहल चुका है, जिनमें पिछले वर्ष एक रूढ़िवादी कार्यकर्ता की हत्या, मिनेसोटा राज्य विधानसभा में डेमोक्रेटिक नेता और उनके पति की हत्या, एक अन्य विधायक और उनकी पत्नी पर गोलीबारी तथा पेनसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो के आधिकारिक निवास पर आगजनी की घटना शामिल हैं।