रविवार की हैदराबाद में तेज रफ्तार लग्जरी फरारी कार (Ferrari) बेकाबू होकर एक खंभे से टकरा गयी। बताया जाता है कि कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह डिवाइडर को तोड़ती हुई दूसरी ओर की लेन में घुस गयी। इस वजह से एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकरा गयी। बताया जाता है कि इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना हैदराबाद के पॉश इलाके जुबिली हिल में हुई, जो प्रसिद्ध टॉलीवुड अभिनेता नंदामुरी बालाकृष्णा के घर के पास का इलाका बताया जाता है।
दैनिक जागरण की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना की वजह से इलाके में काफी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था।
पुलिस सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जो फरारी गाड़ी दुर्घटना का शिकार बनी वह 3.4 से 4 करोड़ रुपए की थी। बताया जाता है कि कार पहले डिवाइडर के बीच लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर को तोड़ती हुई दूसरी ओर से आ रही गाड़ियों से टकरा गयी। आमने-सामने की हुई इस टक्कर में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में फरारी को भी बहुत नुकसान पहुंचा है।
घटना में 3 लोग घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों की हालत स्थिर बतायी जाती है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह लग्जरी गाड़ी व्यवसायी क्रांति रेड्डी के नाम पर रजिस्टर्ड बतायी जाती है। प्राथमिक तौर पर संभावना जतायी जा रही है कि गाड़ी का ब्रेक फेल होकर किसी कारणवश स्टियरिंग लॉक हो गया होगा।
इसी वजह से संभव है कि ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। एक घायल व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दायर कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि पुलिस ने ड्राइवर का अल्कोहल टेस्ट लिया था, जिसमें वह नेगेटिव पाया गया।
बताया जाता है कि फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर रहे हैं ताकि दुर्घटना की असली वजह सामने आ सके।