गीत-संगीत से जुड़े हर युवा की इच्छा रिएलिटी शो में हिस्सा लेने, उसमें जीतने और अपना कॅरियर बनाने की होती है। ऐसा ही सपना लेकर सिंगिंग रिएलिटी शो इंडियन आइडल के मंच पर पश्चिम बंगाल की एकलौती प्रतिभागी अंकिता प्रधान पहुंची थी। पूर्व मिदनापुर की रहने वाली अंकिता उक्त रिएलिटी शो के फाइनल तक पहुंच चुकी है लेकिन फाइनल में हिस्सा लेने के रास्ते में एक बड़ी मुश्किल आ गयी।
शो की शूटिंग दुबई में होने वाली है और अंकिता का पासपोर्ट उसकी जीत के रास्ते में बड़ा रोड़ा बन रहा था। आखिरकार इस बारे में जब तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को पता चला तो उनके हस्तक्षेप से अंकिता की यह समस्या दूर हुई। जल्द ही वह शो की शूटिंग के लिए दुबई की उड़ान भरने वाली हैं।
बता दें, अपने असाधारण परफॉर्मेंस की बदौलत अंकिता प्रधान ने टॉप 10 में अपनी जगह बना ली है। सिंगिंग आइकॉन श्रेया घोषाल भी उसकी मुरिद बन चुकी हैं। अब तक इस सिंगिंग रिएलिटी शो की शूटिंग मुंबई में हो रही थी लेकिन अगले चरण की शूटिंग दुबई में होने वाली है। बस यहीं से अंकिता की परेशानियां शुरू हुई।
दुबई जाने के लिए अंकिता ने पासपोर्ट के लिए आवेदन तो किया था लेकिन नाबालिग होने की वजह से उन्हें अकेली दुबई जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। अपनी मां के साथ जब अंकिता ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया तो सिर्फ अंकिता का पासपोर्ट बना लेकिन उनकी मां का नहीं बन पाया। इस बीच म्यूजिक शो प्रबंधन की ओर से 3 दिनों के अंदर उनके पासपोर्ट का स्टैटस बताने के लिए कहा गया।
अब तक पासपोर्ट नहीं मिलने की वजह से अंकिता के शो से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा। स्थानीय लोगों की सलाह पर अंकिता की मां महुआ प्रधान ने सांसद अभिषेक बनर्जी के ऑफिस से संपर्क किया। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद ने खुद मामले में हस्तक्षेप किया और शनिवार की रात को महुआ प्रधान को उनका पासपोर्ट मिल गया।
मुंबई एयरपोर्ट से महुआ प्रधान ने बताया कि मैंने तो यह मान ही लिया था कि मेरी बेटी शो में आगे हिस्सा नहीं ले सकेगी। अभिषेक बनर्जी ने हमारी मदद की। उन्हें किन शब्दों में धन्यवाद दूं, यह समझ में नहीं आ रहा है। उनकी कोशिशों की बदौलत ही मेरी बेटी अपने सपनों की उड़ान भर पा रही है।
गौरतलब है कि अंकिता प्रधान जिले के कांथी किशोरनगर की रहने वाली है। स्थानीय शिक्षक स्वप्न दास के पास ही उसने अपनी संगीत की तालिम शुरू की थी। इससे पहले वर्ष 2022 में सुपर स्टार सिंगर सीजन -2 में भी अंकिता ने हिस्सा लिया था। वर्तमान में अंकिता संगीतकार रथीजीत भट्टाचार्य से अपनी आगे की शिक्षा प्राप्त कर रही है।