अरिजीत सिंह स्कूटी चला रहे हैं और पिछले आमिर खान बैठे हुए हैं। घड़ी उस समय रात 1.04 मिनट का समय दिखा रही है। स्कूटी आकर एक कॉलेज के गेट के सामने रुकती है। थोड़ी देर में ही कुछ और बाइक सवार से कॉलेज के सामने आकर रुकते हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो रानी धन्य कुमारी कॉलेज के प्रिंसिपल अजय अधिकारी (वीडियो के सत्यता की जांच समाचार एई समय ने नहीं की है) ने शेयर किया है। इस वीडियो को लेकर मुर्शिदाबाद के जियागंज में हंगामा मच गया है।
इस सप्ताह के शुरुआत में ही बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान जियागंज में अरिजीत सिंह के घर पहुंचे थे। यह खबर सुर्खियों में छाया हुआ था। बताया जाता है कि आमिर अरिजीत सिंह के घर पर 1 दिन रुके भी थे। क्या उसी दिन आमिर खान को अपनी स्कूटी पर बैठाकर अरिजीत सिंह कॉलेज लेकर गए थे? कॉलेज के प्रिंसिपल ने 6 फरवरी को सोशल मीडिया पर 35 और 26 सेकंड का दो वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने कुछ सवाल भी उठाए।
कॉलेज के प्रिंसिपल ने इन दोनों वीडियो के साथ ही सवाल उठाया है, "इतनी रात को इस तरह से कॉलेज प्रबंधन के साथ बात किए बिना (अनुमति लेना तो दूर की बात है) ये कोई सामाजिक अथवा व्यक्तिगत काम करने तो निश्चित रूप से नहीं आए हैं। वाणिज्यिक कारण से आए थे और कॉलेज का बिना किसी अनुमति के इस्तेमाल किया। लोकप्रिय होने की वजह से ही क्या यह सब कर सकते हैं? सरकारी शिक्षण संस्थान क्या इतना तिरस्कार करने वाली जगह है?"
Read Also | सोमवार की सुबह-सुबह अरिजीत सिंह के घर पहुंचे आमिर खान, पर क्यों? जानिए यहां
कॉलेज सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रानी धन्य कुमारी कॉलेज के अंदर एक बैडमिंटन कोर्ट मौजूद है। कॉलेज प्रबंधन की अनुमति लेकर एक क्लब के सदस्य इस कोर्ट का इस्तेमाल खेलने के लिए करते हैं। दावा किया जा रहा है कि ऐसे ही एक व्यक्ति ने उस रात को कॉलेज के नाइट गार्ड को फोन कर कॉलेज का गेट खोल देने के लिए कहा था।
उस समय रात को करीब 12.56 बजे का समय हो रहा था। बताया जाता है कि नाइट गार्ड ने गेट खोलते समय यह पूछा भी था कि कॉलेज के प्रिंसिपल को इस मामले की जानकारी है अथवा नहीं! इसके जवाब में कहा गया था कि अनुमति ले ली गयी है।
आरोप है कि जैसे ही नाइट गार्ड ने गेट खोल दिया करीब 10 बाइक पर 20 लोग कॉलेज के अंदर आ गए। इनमें ही आमिर खान को अपने पीछे बैठाकर अरिजीत सिंह भी शामिल थे। लगभग 1 घंटा 20 मिनट का समय कॉलेज के अंदर बिताने के बाद वे बाहर निकल गए। जब वे कॉलेज से निकले तब रात को 2.20 बजे का समय हो रहा था।
दावा किया जा रहा है कि गेट खोल देने के बाद नाइट गार्ड से मौके से चले जाने के लिए कहा गया था। जिस जगह पर बैडमिंटन कोर्ट है वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की वजह से कॉलेज प्रबंधन को अब तक यह नहीं पता कि वहां वे बैडमिंटन खेलने आए थे या फिर शूटिंग करने।
वीडियो किया डिलिट
हालांकि कॉलेज के प्रिंसिपल अजय अधिकारी ने कुछ समय बाद वीडियो को सोशल मीडिया से डिलिट भी कर दिया। इस बारे में उन्होंने कहा, "मुझे इस घटना के बारे में अगले दिन पता चला और 6 फरवरी को सीसीटीवी कैमरा का फूटेज मैंने देखा।" उन्होंने बताया कि मैंने फेसबुक पर यह सोचकर इसे पोस्ट किया था कि अनुशासन तोड़ते हुए यह काम किया गया था लेकिन वास्तविक कारण को न समझते हुए मेरी आलोचना की जाने लगी।
जिस वजह से मैंने पोस्ट किया था, उसे महत्व नहीं दिया गया। इसलिए हारकर कॉलेज व जियागंज का सम्मान बचाने के लिए दोनों पोस्ट को डिलिट कर दिया। इसे लेकर नए सिरे से विवाद उत्पन्न हो, यह भी नहीं चाहता।
इस मामले में अरिजीत सिंह के पिता का कहना है कि मैं रात को सो रहा था। वे कहां गए और क्या किया मुझे नहीं पता। उस रात कॉलेज गए थे, इस बारे में भी मुझे पता नहीं है।