केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) मायापुर के इस्कॉन मंदिर (ISKCON Mayapur) में दर्शन करने आने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार वह इस्कॉन मंदिर के श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर के 152वें जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। बताया जाता है कि 18 फरवरी की दोपहर में करीब 2 बजे अमित शाह का चॉपर कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करेगा और वहीं से सेना के हेलीकॉप्टर से वह मायापुर के लिए रवाना हो जाएंगे। मायापुर में अस्थायी हेलीपैड का निर्माण भी किया जा रहा है।
केंद्रीय गृहमंत्री की इस यात्रा को लेकर मायापुर में काफी चहल-पहल देखी जा रही है। हालांकि पहले भी अमित शाह के मायापुर आने की बात कही तो गयी थी लेकिन किन्हीं कारणवश वह दौरा रद्द कर देना पड़ा था। ऐसे में विधानसभा चुनावों से पहले उनका मायापुर आना राजनैतिक व धार्मिक दोनों नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मायापुर में क्या होगा उनका कार्यक्रम?
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मायापुर की अस्थायी हेलीपैड पर सेना के हेलीकॉप्टर से लैंड करने के बाद अमित शाह सड़क मार्ग से सबसे पहले शंख भवन जाएंगे। वहां वे राधामाधव व पंचतत्व विग्रह के दर्शन करेंगे। बताया जाता है कि वह मंदिर में भगवान की आरती भी कर सकते हैं।
Read Also | सोशल मीडिया से ई-मेल तक… बढ़ रही हैं उड़ानों में बम की धमकियां, मंत्रालय के आंकड़े कर देंगे हैरान!
इसके बाद मायापुर इस्कॉन के पद्म भवन में साधु-संतों के साथ केंद्रीय मंत्री एक विशेष बैठक कर सकते हैं। उसके बाद अमित शाह श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर के जन्मोत्सव में शामिल होने जाएंगे। बताया जाता है कि इस उत्सव में देश-विदेश से अनगिनत भक्त व आमंत्रित अतिथि शामिल होने के लिए मायापुर पहुंचने वाले हैं। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद शाम को वह हेलीकॉप्टर से कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।
बढ़ायी गयी सुरक्षा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर नदिया जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह से तत्पर है। मायापुर में अस्थायी हेलीपैड का निर्माण से लेकर मंदिर परिसर, शंख भवन आदि जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। इसकी निगरानी करने की जिम्मेदारी पुलिस के उच्चाधिकारियों ने अपने कंधों पर उठायी है। बार-बार सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रील भी किया जा रहा है।