रांची: झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथी के हमले में एक पांच महीने की आदिवासी बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार रात सरगांव पंचायत के तहत पत्राटोली गांव में हुई। बताया गया कि एक जंगली हाथी चंदन उरांव के घर के पास पहुंच गया और उसने घर की मिट्टी की दीवार को धक्का देकर गिरा दिया। करंज थाना प्रभारी करण टुडू ने बताया, 'सोमवार रात जंगली हाथी के हमले में पांच महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी मां सुषमा उरांव घायल हो गईं।'
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के तुरंत बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और मृत बच्ची के परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये दिए गए। आधिकारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को पूरा मुआवजा दिया जाएगा। यह जानकारी रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर शेखर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह जंगली हाथी रांची-लापुंग इलाके की ओर से यहां आया था। वन विभाग के अधिकारी हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। झारखंड सरकार हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर 4 लाख रुपये का मुआवजा देती है।
हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चिंता जताई थी और अधिकारियों को ऐसा तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए थे जिससे जंगली जानवरों के हमलों से किसी की जान न जाए।